Bareilly News: गृहमंत्री बनकर पूर्व विधायक से टिकट दिलाने के बहाने ठगी की कोशिश, एक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

व्हाट्सएप और ट्रूकालर पर लगाया था अमित शाह का फोटो

बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज के एक ठग ने व्हाट्सएप और ट्रूकालर पर गृहमंत्री अमित शाह का नाम और फोटो लगाकर टिकट दिलाने के नाम पर ठगी की कोशिश की। उसने पीलीभीत के बरखेड़ा के पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत को भी फाेन कर लाखों रुपये की मांग की। शिकायत के बाद क्राइम इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने आरोपी समूहा गांव के रविंद्र कुमार और उसके साथी शाहिद खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया और शाहिद की तलाश कर रही है।

क्राइम इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि उन्हें सूचना मिली कि एक गिरोह गृहमंत्री अमित शाह बनकर नेताओं को टिकट दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये मांगकर ठगी कर रहा है। मामले की जांच में सामने आया कि रविंद्र मौर्य ने 4 और 20 जनवरी को पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत को नौ बार फोन किया। फोन कर उसने खुद को गृहमंत्री बताकर टिकट दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बदले में उसने लाखों रुपये की मांग की। शक होने पर पूर्व विधायक ने पैसे देने से इन्कार कर दिया। वह अपने दोस्त के साथ मिलकर कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को फोन कर चुका है।

पुलिस जांच शुरू होते ही तोड़ा सिम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जब उसे पता चला कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तो उसने सिम तोड़ कर फेंक दिया। जिस नंबर से पूर्व विधायक को फोन किया गया था, वह रविंद्र के गांव के रहने वाले हरीश की आईडी पर लिया गया था। पुलिस ने हरीश से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने 29 दिसंबर 2023 को खरीदा था, लेकिन थोड़ी देर बाद ही गांव के रविंद्र मौर्य व शाहिद ने उसे धमकाकर छीन लिया था।

ट्रूकॉलर लिख कर आता था केंद्रीय गृहमंत्री केंद्र सरकार
पुलिस के अनुसार जिस नंबर से केंद्रीय गृहमंत्री बनकर आरोपी ने पूर्व विधायक को कॉल कर टिकट दिलाने का आश्वासन दिया था। उस नंबर को ट्रूकॉलर पर केंद्रीय गृहमंत्री केंद्र सरकार के नाम से सेव किया गया था। साथ ही व्हाट्सएप र अमित शाह की प्रोफाइल फोटो भी लगाई गई थी। पुलिस ने फोन बरामद कर लिया है।

केंद्रीय गृहमंत्री बनकर नेताओं को टिकट दिलाने के नाम पर ठगी की कोशिश करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है- मुकेश चन्द मिश्रा, एसपी देहात।

ये भी पढ़ें- Bareilly News: भाजपा महिला मोर्चा ने कहा- डबल इंजन की सरकार में बढ़ा महिलाओं का सम्मान

संबंधित समाचार