Bareilly News: बनते ही उखड़ गई सड़कों पर चढ़ा नगर आयुक्त का पारा, ठेकेदार पर 50 हजार जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुभाष नगर पुलिया के नीचे हो गए गड्डे, परसाखेड़ा में उखड़ी सड़क

बरेली, अमृत विचार। विकास कार्याें में ठेकेदारों की मनमानी के साथ-साथ अफसरों की भी लापरवाही भारी पड़ रही है। सड़कें बनते ही उखड़ रही हैं और नालियां टूट रही हैं। बड़ी रकम खर्च होने के बाद भी स्थिति जस की तस रहे तो बात गंभीर हो जाती है। ऐसे ही मामलों में नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए एक ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना तो दूसरे को तीन दिन में सड़क दुरुस्त करने का नोटिस दिया है।

सुभाष नगर में एक माह पहले बनी सीमेंट की सड़क में गड्डे हो गए और परसाखेड़ा में छह माह पहले बनी सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगीं। अमृत विचार ने दोनों सड़कों के निर्माण में लापरवाही को उजागर किया। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने इसे गंभीरता से लेते हुए ठेकेदारों पर सख्त रुख अपनाया। सुभाष नगर पुलिया के नीचे काम करने वाले ठेकेदार पर 50 हजार का जुर्माना लगाया गया। नोटिस में कहा कि कुछ समय पहले बनाई सड़क पर जाल के पास गड्डे हो गये लेकिन उसे ठीक नहीं कराया गया। इसे दुरुस्त कराने के मौखिक निर्देश दिये गये लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया और समाचार पत्रों में इसका प्रकाशन हो गया। इससे निगम की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। ठेकेदार को चेतावनी देते हुए तीन दिन में कमियों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिये गये हैं।

वहीं परसाखेड़ा में सीसी रोड का निर्माण करने वाले ठेकेदार को भी पूर्व में कमियों को दुरुस्त करने का नोटिस दिया गया था लेकिन उस पर अमल नहीं किया। उसे फिर से सड़कों को दुरुस्त करने के लिए नोटिस दिया गया है। ठेकेदारों के साथ-साथ एई और जेई द्वारा भी प्रभावी तरीके से कार्य का निरीक्षण नहीं करने पर नाराजगी जताई। अवर अभियंता विकास साहू के पास सुभाष नगर और परसाखेड़ा क्षेत्र है। वहीं सहायक अभियंता मुकेश शाक्य के पास परसाखेड़ा की जिम्मेदारी है। दोनों अफसरों को कार्यों का प्रभावी निरीक्षण करने का पत्र भेजा गया है।

ये भी पढ़ें- Bareilly News: बरेली जंक्शन का होगा विस्तार, शुरू किया चिह्नीकरण

संबंधित समाचार