गरमपानी: आठ महीने से है 'श्री कैंची धाम ' तहसील के शासनादेश का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गरमपानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री घोषणा के आठ महीने बाद भी तहसील कोश्या कुटोली का नाम बदलकर श्री कैंची धाम तहसील नहीं हो सका है। पिछले 15 जून को स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तहसील का नाम बदलने की घोषणा कर दी थी पर अब तक तहसील कोश्या कुटोली के नाम से ही संचालित हो रही है।

उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली विपिन चंद्र पंत के अनुसार जिले में शासनादेश नहीं पहुंचा है। नोटीफिकेशन जारी होने के बाद आगे की कार्रवाई शुरु की जाएगी।

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित देश विदेश के लाखों श्रद्धालुओं के आस्था के केंद्र कैंची धाम के नाम से तहसील कोश्या कुटोली का नाम रखे जाने का शासनादेश न हो पाने से आज भी तहसील के सारे कार्य कोश्या कुटोली के नाम से संचालित किए जा रहे हैं। बीते वर्ष 15 जून को कैंची धाम के स्थापना दिवस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तहसील का नाम श्री कैंची धाम किए जाने की घोषणा की थी।

सीएम की घोषणा पर जल्द अमल हो जाने की उम्मीद भी थी पर घोषणा को आठ महीने का लंबा वक्त गुजर जाने के बाद भी आज तक श्री कैंची धाम तहसील अस्तित्व में नहीं आ सकी है। तहसील का नाम बदलकर श्री कैंची धाम रखने की घोषणा होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान भी वितरण किया पर अब तक तहसील कोश्या कुटोली नाम बदलने का इंतजार ही कर रही है।

क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री की घोषणा पर जल्द अमल कर अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर गरमपानी स्थित तहसील का नाम श्री कैंची धाम के नाम से रखे जाने की मांग उठाई है। उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली विपिन चंद्र पंत के अनुसार अभी नोटीफिकेशन जारी नहीं हुआ है। शासनादेश होने के बाद ही तहसील कोश्या कुटोली का नाम बदलकर श्री कैंची धाम होगा। सभी कार्य श्री कैंची धाम तहसील के नाम से संचालित होंगे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज