काशीपुर: दंपति से मारपीट व छेड़छाड़ में मुकदमा दर्ज
काशीपुर, अमृत विचार। कार में टक्कर मारने के बाद दंपत्ति के साथ मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों ने भागते समय एक विद्युत पोल में टक्कर मारकर उसको भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
मोहल्ला कटोराताल निवासी सरफराज आलम की ओर से कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि बीती 17 फरवरी की रात वह जसपुर रोड स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित एक विवाह समारोह में शिरकत करने जा रहे थे। उनके साथ पत्नी व बच्चे भी साथ थे।
उदयराज हिन्दू इंटर कॉलेज के पास विपरीत दिशा से आ रही कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। आरोप था कि विरोध करने पर युवकों ने कार में बैठी उसकी पत्नी के साथ अभद्रता की और गाली गलौच करते हुए उनके साथ मारपीट की। इस दौरान प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की वीडियो भी बना ली।
किसी तरह उन्होंने प्रेक्षागृह में घुसकर जान बचाई। वहां से भागते समय आरोपियों ने मानपुर में एक विद्युत पोल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान कर कार्यवाही की जाएगी।
