बहराइच: पहले दिन एब्सेंट रहे हाईस्कूल के 4016 और इंटर के 1328 छात्र, कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई यूपी बोर्ड की परीक्ष
बहराइच, अमृत विचार। जिले में गुरुवार से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। पहले दिन हाई स्कूल में 4016 और इंटर में 1328 विद्यार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले के 114 केंद्रों पर बृहस्पतिवार को यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। इस दौरान सुबह की पाली में हाईस्कूल के 37404 विद्यार्थियों को परीक्षा हिंदी का परीक्षा देना था, लेकिन 33388 विद्यार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
इसके अलावा शाम को दूसरी पाली में भी आयोजित हिंदी इंटरमीडिएट में 27652 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इसमें 26324 विद्यार्थी शामिल हुए। जबकि 1328 विद्यार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। परीक्षा से पूर्व छात्र और छात्राओं की तलाशी ली गई। इसके बार उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। बोर्ड परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। डीआईओएस नरेंद्र तिवारी ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ चल रही हैं।
डीएम ने परीक्षा केंद्र व कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
प्रथम पॉली में हाईस्कूल के हिंदी विषय की परीक्षा का जायज़ा लेने के लिए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पं. वैद्य भगवानदीन मिश्र गांधी इंटर कालेज, आर्य कन्या इंटर कालेज व तारा गर्ल्स इंटर कालेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि सीसीटीवी कैमरे बंद नहीं होने चाहिए।
परीक्षा के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय में स्थापित कंट्रोल का भी निरीक्षण किया। डीएम ने यहां पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों की कड़ी निगरानी रखें। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे हर हाल में क्रियाशील रहे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: किशोरी को बेचने के लिए ले जा रहे थे शिमला, एसएसबी ने पकड़ा
