बहराइच: मेड़ के विवाद में भिड़े सगे भाई, परिवार में जमकर हुई मारपीट-4 घायल
पुलिस ने दोनों पक्ष के आठ लोगों पर दर्ज किया केस
बहराइच, अमृत विचार। जिले के कोड़री गांव में मेड़ के विवाद को लेकर भाई आपस में भिड़ गए। दोनों के परिवार के लोगों ने जमकर मारपीट करते हुए धारदार हथियारों से एक दुसरे पर वार किये। इस मारपीट में दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए। चार घायलों को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। दोनों पक्ष के आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़री गांव निवासी राम कुमार और किशोरी भाई हैं। दोनों का खेत आसपास स्थित है। शनिवार शाम को राम कुमार ने खेत के मेड़ को काट दिया था। इसको लेकर किशोरी और सुखराम नाराज थे। सभी ने मेड़ की कटान अधिक होने की बात कहते हुए रात आठ बजे विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद सभी ने एक दूसरे पर लाठी डंडे के साथ धारदार हथियार का प्रयोग किया। मारपीट में राम कुमार, कृपा राम, मनीराम, अमिरका और भुलाई समेत छह लोग घायल हो गए। सभी सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां चार घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। दोनों पक्ष भाई हैं। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों पक्ष के आठ लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार अन्य धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।
ये भी पढ़ें -अमेठी: जमीनी विवाद का समुचित निस्तारण करने में लापरवाही बरत रहे हैं राजस्वकर्मी, लगातार हो रहा निर्माण
