हल्द्वानी: 36 हत्यारोपियों के बीच अलबशर के हत्यारे की तलाश, लाल मस्जिद बनभूलपुरा के पास हुआ था हमला
हल्द्वानी, अमृत विचार। अलबशर की मौत मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई। अलबशर की हत्या का शक 36 लोगों पर है, लेकिन इन सभी ने हत्या नहीं होगी। ऐसे में पुलिस अब 36 हत्यारोपियों में असली हत्यारे को तलाश रही है। जल्द ही पुलिस जेल पहुंच कर इन आरोपियों से पूछताछ करेगी। आरोपियों में हिंसा का मास्टर माइंड अब्दुल मलिक और उसके बेटे अब्दुल मोईद का भी नाम है।
बता दें कि नई बस्ती ताज मस्जिद निवासी अलबशर (18 वर्ष) पुत्र अब्दुल माजिद सब्जी के ठेले से फेरी लगाता था। बीती 8 फरवरी को हिंसा वाली रात अलबशर सब्जी बेचकर घर लौट रहा था। लाल मस्जिद लाइन नंबर 17 के पास उस पर धारदार हथियार से हमलाकर पेट फाड़ दिया गया। 25 फरवरी को उसकी मौत हो गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि लाइन नंबर 17 से आई जिस उग्र भीड़ ने थाना फूंका, उन्हीं में से कोई अलबशर का हत्यारा हो सकता है।
थाना फूंकने के मामले में अब्दुल मलिक, अब्दुल मोईद समेत अभी तक 36 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और सभी पर अलबशर की हत्या का शक है। हालांकि यह भी साफ है कि सभी लोग मिलकर हत्या नहीं कर सकते। असली हत्यारे तक पहुंचने के लिए सभी 36 लोगों से अलग-अलग पूछताछ शुरू कर दी।
साथ ही घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी और उस रोज वायरल हुए वीडियो की जांच कर हत्या की गुत्थी को सुलझाने की कोशिश की जा रही है। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा का कहना है कि जल्द ही मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा। मौत में हादसे का एंगल भी देखा जा रहा है।
