बनबसा: दुकानदार ने नाबालिग से किया दुष्कर्म का प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनबसा, अमृत विचार। बनबसा में एक दुकानदार ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सौंप दी है।

क्षेत्र निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि उसकी 13 वर्षीय बेटी बीती 23 फरवरी की सुबह 8:30 बजे हीरा चंद की दुकान में सामान लेने गई थी। आरोप है कि दुकानदार उसकी बेटी को दूसरे कमरे में ले गया और नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।

डर से नाबालिग के चिल्लाने पर दुकानदार ने उसे छोड़ दिया और किसी से कुछ कहने पर जान से मारने की धमकी दी। नाबालिग ने घर आकर सारी बातें अपनी मां को बताईं, लेकिन बच्ची की जान के डर से उसने उस समय पुलिस को कुछ नहीं बताया। शनिवार को महिला ने थाने पहुंच कर पुलिस को तहरीर सौंपी।

जिसके बाद पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया। चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक संतोषी आर्य ने पीड़ित किशोरी और उसकी मां से पूछताछ की है। सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि नाबालिग का मेडिकल करा दिया गया है। सोमवार को मजिस्ट्रेट के सामने नाबालिग के बयान दर्ज होंगे। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार