Kanpur Dehat: फायरिंग व खनन की जांच करेगी रूरा थाना पुलिस, पूर्व सांसद ने रनियां की भूमिका बताई थी संदिग्ध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में सिहुराभावन में फायरिंग व खनन की जांच करेगी रूरा थाना पुलिस

कानपुर देहात, अमृत विचार। रनियां क्षेत्र के सिहुराभावन गांव में 29 फरवरी की रात में ग्राम प्रधान ने अवैध खनन व फायरिंग करने का आरोप लगाकर राज्यमंत्री व पूर्व सांसद को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची राज्यमंत्री व पूर्व सांसद ने एसडीएम व पुलिस बुलाकर खनन रुकवा दिया था। साथ ही रनियां थाना पुलिस व अन्य अफसरों की मिलीभगत का आरोप लगाया था। संदेह के घेरे में आने पर एसपी ने मामले की जांच रूरा थाना ट्रांसफर कर दी है।

रनियां क्षेत्र के सिहुराभावन गांव में अवैध खनन का आरोप लगाकर बीती 29 फरवरी की रात करबक प्रधान ओम प्रकाश मौके पर पहुंचकर रोकने लगे थे। उनका आरोप था कि वहां पर मौजूद लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। ग्राम प्रधान की सूचना पर रात में ही राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला व पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी समर्थको के साथ मौके पर पहुंच गए थे। उस दौरान खनन करा रहे कई लोग भाग निकले थे। 

मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ सदर व रनियां थाना पुलिस ने विधायक का स्टीकर लगी एक स्कार्पियो, जेसीबी व दो डंपर कब्जे में लिए थे। राज्यमंत्री व पूर्व सांसद ने अफसरों को फटकार लगाते हुए एसडीएम व सीओ को खनन स्थल भी दिखाया था। 

इसके बाद ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने रनियां निवासी सरल प्रताप सिंह, पुखरायां निवासी जय कुमार, पेराजोर निवासी रामजी, रनियां निवासी रोहित, व सुधीर अग्रवाल सहित 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। प्रधान का आरोप था कि खनन रोकने पर गाली गलौज और गोली चलाने लगे थे। 

इसके बाद उन्होंने कुचलने का प्रयास किया था। मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले कई कार भाग गई थी। पूर्व सांसद ने मामले में रनियां पुलिस की भूमिका को संदिग्ध बताया था। जिसके चलते मामले में निष्पक्ष कार्रवाई के लिए एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने जांच रूरा थाना ट्रांसफर कर दी है। इस संबध में एसओ रनियां महेंद्र पटेल ने बताया कि सिहुराभावन में मिट्टी खनन का मामला रूरा थानाध्यक्ष करेंगे।

ये भी पढ़ें- Kanpur Dehat Accident: वाहन ने बाइक में मारी टक्कर...युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर

संबंधित समाचार