रुद्रपुर: पीएम मोदी की है देश-दुनिया में सर्वाधिक रेटिंग - सीएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मजबूत इच्छाशक्ति के हैं। 18 घंटे तक लगातार काम करने के बाद भी रूकते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति से भी पीएम का अटूट प्रेम है। उत्तराखंड का विकास करना उनकी प्राथमिकता में हैं। हर गरीब का अपना मकान होगा यह उनकी ही सोच है।

सीएम धामी बुधवार को गांधी पार्क में नजूल भूमि का निशुल्क पट्टा वितरण एवं किफायती आवास आवंटन और लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पूरे दिन काम करते हैं और देश के हित में सोचते हैं। इस कारण आज देश तरक्की कर रहा है और देश-दुनिया में अलग पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत लोगों को पांच लाख तक चिकित्सा का लाभ देने की बात हो या फिर प्रधानमंत्री आवास के तहत गरीब लोगों को छत देने की बात हो यह सब पीएम मोदी के नेतृत्व में हो पाया है।

उन्होंने कहा कि लालकुआं से अमृतसर से ट्रेन संचालित करना हो या फिर किच्छा में एम्स और पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तारीकरण हो यह सब प्रधानमंत्री मोदी के ही विकास की सोच है। सीएम धामी ने कहा कि आज उन्हें खुशी हो रही है कि आखिरकार वह दिन आ गया है जब गरीबों को उनका घरौंदा मिल रहा है और पट्टा मिल रहा है। यह आजादी का बाद पहला मौका होगा।

2600 परिवारों को मालिकाना हक तो 403 को मिला पीएम आवास

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम के दौरान वर्षों से मालिकाना हक का इंतजार कर रहे 2600 लोगों को पहले चरण में मालिकाना हक के स्वीकृति पत्र सौंपे। इसके अलावा जिला विकास प्राधिकरण की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 403 लाभार्थियों को आवास आवंटन पत्र भी सौंपे गये।

56704.93 लाख के कार्यों का किया शिलान्यास और लोकार्पण

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम के दौरान ऊधमसिंह नगर की नौ विधानसभाओं में 56704.93 लाख से बनने वाले 222 कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें 35758.69 लाख के 106 कार्यों का शिलान्यास और 20946.24 लाख के 116 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

संबंधित समाचार