अल्मोड़ा: जाखनदेवी मार्ग की खस्ता हालत पर भड़के लोगों ने दो घंटे माल रोड किया जाम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर के जाखनदेवी क्षेत्र में पड़ रही सीवर लाइन के कार्य का समय से पूरा न होने और सड़क के खस्ता हाल होने के विरोध में स्थानीय लोगों का पारा चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला के नेतृत्व में जाखनदेवी में मार्ग पर जाम लगा दिया।

स्थानीय लोग खस्ता हो चुकी सड़क को शीघ्र ठीक करने की मांग कर रहे थे। जाम लगने के बाद प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। लेकिन समझाने के बाद भी स्थानीय लोग नहीं मानें। बाद में पेयजल निगम के अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद बमुश्किल जाम खोला ज सका। 

बुधवार को जाखन देवी मार्ग की खस्ता हालत और लोगों को हो रही परेशानी से आजिज आए स्थानीय लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला, आदित्य पांडे व विनेद तिवारी के नेतृत्व में जाखनदेवी के पास सड़क पर बैठकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सीवर लाइन का काम शुरू हुए तीन महीने हो गए हैं।

लेकिन इसके बाद भी अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। प्रदर्शन कारियों ने कहा कि कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते इस मार्ग पर हुए हादसे में एक व्यक्ति की असमय मौत हो गई। लेकिन इसके बाद भी विभाग के अधिकारियों के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है।

आए दिन कई दोपहिया वाहन चालक इस मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी मुख्य मार्ग की हालत जस की तस है। मुख्य माल रोड पर जाम की सूचना के बाद कोतवाल अल्मोड़ा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार तितिशा जोशी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंची। लेकिन स्थानीय लोग अपनी मांग पर अड़े रहे और जाम नहीं खोला। मुख्य मार्ग पर जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई और नगर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई।

व्यवस्था संभालने में पुलिस महकमे का भी पसीना निकल गया। प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी के मौके पर पहुंचने की मांग पर अड़े हुए थे। काफी देर के हंगामे के बाद कार्यदायी संस्था जल निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शन कारियों को दस दिनों में कार्य पूरा कर मार्ग को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने का लिखित आश्वासन दिया। जिसके बाद बड़ी मुश्किल से प्रदर्शनकारी मानें और जाम खुलवाया जा सका। जाम खुलने के बाद वाहनों में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। 

प्रदर्शन के दौरान प्रांतीय व्यापार मंडल के पदाधिकारियों समेत अमित साह, सुशील साह, अजय कुमार, वकुल साह, भैरव गोस्वामी, कमल जोशी, नरेंद्र साह, देवेंद्र सिंह, ललित जोशी, दीवान सिंह, प्रवीण कुमार, दिनेश चंद्र, अनिल अग्रवाल, भुवन जोशी, कन्नू तिवारी, नासिर, महेंद्र रावत, अनुज तिवारी, कमल जोशी समेत अनेक लोग मौजूद रहे। 

संबंधित समाचार