प्रयागराज: जेल में लगी पाठशाला, महिला बंदियों को सेहतमंद रहने के दिए टिप्स
प्रयागराज/ नैनी, अमृत विचार। नैनी सेंट्रल जेल में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण का कार्यक्रम आयोजित हुआ। वात्सल्य सेवा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं की सेहत पर विशेष ध्यान दिया गया। महिलाओं को स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकता अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई। महिला बंदियों के लिए सेनेटरी नैपकिन की व्यवस्था भी की गई।
वात्सल्य की डायरेक्टर डॉक्टर कीर्तिका अग्रवाल ने महिलाओं के स्वस्थ्य रहने के टिप्स भी बताया। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं पर्सनल हाइजीन पर ध्यान दें तो उन्हें कई बीमारियों से निजात मिल सकती है। सुबह उठकर योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इससे शारीरिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी वह स्वस्थ रह सकती हैं। वही वंदना सिंह व शिखर खन्ना ने भी महिलाओं को स्वाबलंबी बनने पर जोर दिया। इस मौके पर रजिया, रंजन, सूर्यकांत त्रिपाठी के अलावा जेलर ओमप्रकाश व जेल के सीएमओ डॉ वेद प्रकाश मौजूद रहे।
