Kanpur Accident: महिला का सिर कुचलते हुए निकल गई बस...मौत, झकरकटी बस अड्डे के पास हुआ हादसा
कानपुर में सड़क हादसे में महिला की मौत
कानपुर, अमृत विचार। झकरकटी बस अड्डे के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। बस की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
घटना के बाद चालक बस छोड़ कर भागने लगा, जिस पर राहगीरों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। सूचना पर मौके पर पहुंची बाबूपुरवा पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भेजने के बाद शव को पोस्टमार्टम भिजवाया।
सरसौल उड़गाखेरा निवासी किसान शिवराज की पत्नी पूजा देवी (35) रविवार दोपहर साढ़ निवासी देवर अंकित व फतेहपुर बिंदकी निवासी भाई बृजेश के साथ बाइक से शादी समारोह में शामिल होने उत्तरीपुरा भरिया गांव जा रही थी। बाइक चला रहे देवर अंकित ने बताया कि भरिया गांव में बहन के देवर की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह भाभी व साले के साथ सरसौल से बाइक से जा रहे थे।
टाटमिल चौराहे के पास झकरकटी बस अड्डे से पहले पीछे से आ रही उन्नाव डिपो की रोडवेज बस ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
बस चालक ने भागने के चक्कर में बस तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दी, जिससे भाभी पहिए की चपेट में आ गईं। पहिए की चपेट में आने से पूजा देवी की मौके पर मौत हो गई।
वहीं बृजेश व अंकित मामूली रूप से घायल हो गए। शोरगुल मचने पर चालक बस छोड़कर भागने लगा, जिस पर राहगीरों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बाबूपुरवा इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि उन्नाव डिपो की बस चालक अशोक कुमार चला रहा था। चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur: राम मंदिर दर्शन के लिए गए छह जिगरी दोस्त, घर आई मौत की खबर, सोशल मीडिया में वो आखिरी सेल्फी...
