गोंडा: रोटावेटर में फंसकर किसान की मौत, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। वजीरगंज थाना क्षेत्र के चंदापुर नगरी गांव के रहने वाले एक किसान की शुक्रवार को खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर में फंसने से मौत हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किसान की मौत से उसके परिवार में मातम छाया है। 

वजीरगंज थाना क्षेत्र के चंदापुर नगरी गांव का रहने वाला हरीश कुमार चौहान(25) पुत्र रमेश कुमार चौहान शुक्रवार को पंड़राही गांव स्थित अपने खेत की जुताई करने गया था‌। खेत की जुताई करने के दौरान ट्रैक्टर के रोटावेटर में कोई तकनीकी समस्या आ गई,जिससे ट्रैक्टर असंतुलित हो गया। हरीश ने ट्रैक्टर चलाते हुए ही रोटावेटर को ठीक करने की कोशिश की। इसके लिए वह ड्राइविंग सीट से उल्टा घूम कर रोटावेटर को सेट करने लगा इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चल रहे ट्रैक्टर व रोटावेटर के बीच में गिरकर फंस गया। चलते रोटावेटर के बीच में गिरने से हरीश का शरीर कई टुकड़ों में कट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने चल रहे ट्रैक्टर को बंद किया और घर वालों को सूचना दी। 

युवक की मौत की सूचना मिलते ही घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन रोते बिलखते हुए खेत पहुंचे। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर ठीक करने के दौरान हादसा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

ये भी पढ़ें -UP Board exam: उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कल से, केंद्रों पर पहुंची 6.31 लाख कापियां

संबंधित समाचार