संभल : मधुमक्खियों के हमले से छात्रा की मौत, आम के बाग में घास काटते समय किया हमला
मधुमक्खियों ने घर तक नहीं छोड़ा मोहित का पीछा, अंतिम सांस तक मंशा पर चिपटी रही
छात्रा की मौत के बाद बिलखतीं परिवार की महिलाएं, मृतक छात्रा का फाइल फोटो
संभल/सरायतरीन, अमृत विचार। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव सीतापुरी में चारा लेने गए भाई-बहन पर जंगल में मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इससे कक्षा तीन की छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव सीतापुरी निवासी महीपाल की पुत्री मंशा (13) सोमवार शाम चार बजे अपने बड़े भाई मोहित के साथ आम के बाग में घास काट रही थी। तभी मधुमक्खियों ने दोनों पर हमला कर दिया। हमला होते ही मोहित चीखते चिल्लाते हुए गांव की ओर दौड़ा। लेकिन मधुमक्खियों ने मंशा को भागने का मौका नहीं दिया और उसे डंक मार-मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह बाग में ही बेसुध होकर गिर गई। मधुमक्खियों ने घर पहुंचने तक भी मोहित का पीछा नहीं छोड़ा।
परिजनों ने मोहित को आग जलाकर उसके पास बैठाया। महीपाल की पत्नी ओमवती व उसका छोटा भाई सत्यभान मोहल्ले के लोगों के साथ आम के बाग में पहुंचे। मंशा को बचाने के लिए आग जलाकर धुएं से मधुमक्खियों को भगाने की कोशिश की। इसके बाद भी मधुमक्खियों ने पीछा नहीं छोड़ा। इसके बाद ओमवती व सत्यभान ने हाथ से मधुमक्खियों को मंशा के शरीर से हटाया। उपचार के लिए उसे लेकर सरायतरीन में निजी डॉक्टर के यहां पहुंचे। जहां डॉक्टर ने मंशा को मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।
पढ़ने में होशियार थी मंशा
गांव सीतापुरी निवासी महीपाल ने मंगलवार को बताया कि मंशा ने कक्षा पांच तक की पढ़ाई सरकारी स्कूल में की थी। लेकिन पढ़ने में होशियार मंशा के कहने पर उसका निजी स्कूल में दाखिला कराया था। इसमें मंशा अब कक्षा तीन में पढ़ाई कर रही थी। मंशा दो भाइयों में मझली की थी। उसकी मौत से मां ओमवती का रो रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढे़ं : संभल : फरार बदमाश को शरण देने में दो महिलाओं सहित तीन गिरफ्तार, पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
