रामनगर: पिता का जन्म प्रमाणपत्र लेने इंग्लैंड से रामनगर पहुंची फियाना

रामनगर: पिता का जन्म प्रमाणपत्र लेने इंग्लैंड से रामनगर पहुंची फियाना

रामनगर, अमृत विचार। इंग्लैंड से बुधवार को मिस फियोना नाम की युवती रामनगर नगरपालिका पहुंची। यहां उसने नगरपालिका प्रशासन के सम्मुख अपने पिता विश्वनाथ बंसल का जन्म प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए।

फियोना के पिता विश्वनाथ बंसल का निधन फरवरी 2024 में लंदन में हो गया है। विश्वनाथ बंसल रामनगर में रहते थे, जिनका जन्म रामनगर में ही 1935 को हुआ था। उनके 6 भाई और एक बहन थी, जो रामनगर में ही रहते थे। उनके  सभी भाई बहनों की मौत हो चुकी है। आज भी विश्वनाथ बंसल के भाई बहनों के पुत्र रामनगर में ही रहते हैं।

बता दें कि विश्वनाथ बंसल की 10वीं तक की पढ़ाई रामनगर के एमपी हिन्दू इंटर कॉलेज में हुई थी। उन्होंने 1952 में 10वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की थी। बचपन से ही पढ़ाई में रुचि रखने वाले विश्वनाथ बंसल 10वीं के बाद इलाहाबाद यूनिवर्सिटी चले गए थे। इसके बाद वे लंदन चले गए और वहां वे वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत रहे। वहीं उन्होंने अपना विवाह कर इंग्लैंड की नागरिकता ले ली थी। उनकी दो संतानें मिस फियोना बंसल व रवी बंसल हैं।

बुधवार उनकी 55वर्षीय पुत्री फियोना बंसल रामनगर पहुंची, जहां उन्होंने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी महेंद्र यादव से मुलाकात कर अपने पिता के जन्म प्रमाण पत्र देने को लेकर जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत किए। बातचीत में फियोना ने बताया कि लंदन में मृत्यु के बाद कई औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं।

इस संबंध में उनको पिता के जन्म प्रमाणपत्र की आवश्यकता है। रामनगर के ही रहने वाले विश्वनाथ बंसल के पौत्र ने बताया कि वे अपनी बुआ के साथ नगरपालिका पहुंचे हैं।

वहीं इस विषय मे नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी महेंद्र यादव ने बताया कि प्रकरण बहुत पुराना है। वे इतनी दूर इंग्लैंड से आई हैं तो हमारा भी कर्तव्य बनता है कि इनकी मदद करें। जल्द से जल्द इसका निराकरण किया जाएगा।