Holi 2024: बाजार में छाया गुलाल अनार, मेहताब की भी मांग...गुलाल का गुबार उड़ाने वाले सिलेंडर की धूम
कानपुर में बाजार में छाया गुलाल अनार, मेहताब की भी मांग
कानपुर, अमृत विचार। होली के बाजार में इस बार गुलाल अनार छाया हुआ है। रंग फेंकने वाले मेहताब के प्रति भी खरीदारों का रुझान झलका। गुलाल का गुबार उड़ाने वाला सिलेंडर भी है। शनिवार को होली के बाजारों में रौनक रही।
मेस्टनरोड, चौक, शिवाला, बिसाती बाजार व हटिया जैसी थोक बाजारों में सुबह से ही खरीदार उमड़े। बाजारों में गुलाल उड़ाने वाला अनार खूब बिका। इस अनार की खासियत यह है कि यह एक साथ सात रंग हवा में उड़ाता है। मेहताब और कम ऊंचाई तक जाने वाला रॉकेट भी लोगों ने खरीदा।
तीस रुपये का कारतूस गुलाल भी है। बंदूक नुमा आकृति वाले इस पटाखे में आग लगाने पर धमाके के साथ आगे की ओर गुलाल की सीधी धार निकलती है जो किसी गोली के समान जाते हुए लोगों को रंगती है।
पसंद बना सिलेंडर
बाजार में इस बार बड़े साइज का सिलेंडर भी है। पांच से आठ किलो गुलाल उगलने वाला यह सिलेंडर दो नोडल के भी मौजूद है। दो नोडल वाले सिलेंडर में एक साथ दो रंग के गुलाल को एक साथ उड़ाया जा सकता है। एक बार सिलेंडर का बटन दबाते ही गुलाल का गुबार सामने वाले को पूरी तरह से रंग देगा।
होली में डराएंगे मुखौटे
बाजारों में इस बार नए तरह के मुखौटे भी हैं। बाजार में भूत, जानवर व कार्टून कैरेक्टर के मुखौटे बच्चों का मन मोह रहे हैं। बच्चे इन मुखौटों को खूब खरीद रहे हैं। मुखौटों की कीमत 80 रुपये से तीन सौ रुपये के बीच है।
ये भी पढ़ें- Holika Dahan Timing: होलिका दहन करते समय इन बातों का जरूर रखें ध्यान...रात इतने बजे से है शुभ मुहूर्त
