संजीव हत्याकांड: हत्यारों की तलाश में कैटर्स के मोबाइल की सीडीआर खंगाल रही पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठेकेदार पिता ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आधिकारियों से लगाई मदद की गुहार

लखनऊ। ठाकुरगंज थाना अंतर्गत न्यू हैदरगंज में कैटर्स संजीव लोधी (27) के हत्यारों की तलाश में पुलिस उसके मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट खंगालने में जुटी है। शक के आधार पर पुलिस ने कैटर्स के दोस्तों व कुछ संदिग्धों को उठाया था। बावजूद इसके हत्यारों के बारे में पुलिस को अहम सुराग नहीं मिला। वहीं, ठेकेदार पिता ने बेटे के कातिलों की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर आलाधिकारियों से फरियाद लगाई है।

गौरतलब है कि 25 मार्च को न्यू हैदरगंज निवासी कैटर्स संजीव लोधी सुबह कुछ दोस्तों के साथ घर से होली खेलने के लिए निकला था। शाम चार बजे वह घर लौटा, लेकिन आधे घंटे बाद वह फिर से दोस्तों से साथ बाहर चला गया। अगले दिन सुबह 10:50 न्यू हैदरगंज में नवाब खेत के सामने मन्दिर के बराबर बेसमेन्ट की सीढियो पर वह मृत अवस्था में पड़ा मिला।

ठेकेदार पिता सुरेश सिंह ने बेटे के कुछ अज्ञात दोस्तों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए ठाकुरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पिता सुरेश का कहना है कि घटना वाली शाम पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ लिया था, लेकिन कुछ घंटे थाने में बैठाए रखने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय ने बताया कि पुलिस प्रेम-प्रसंग, अवैध सम्बन्ध और पुराने विवाद के पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अलावा मृतक के मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट खंगालने में जुटी है। वहीं पिता सुरेश लोधी ने बेटे के कातिलों को पकड़ने के लिए आलाधिकारियों से भी फरियाद की है।

यह भी पढ़ें:-Video: गरमाया मुख्तार की मौत का मामला, पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने उठाया सवाल, कहा- पुलिस कुछ भी कर सकती है, हो सीबीआई जांच

संबंधित समाचार