पीलीभीत: मतदाता पर्ची में फोटो की जगह QR कोड, स्कैन करते ही मिलेगी यह जानकारी, जानिए पूरा मामला
पीलीभीत,अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में इस बार मतदाता पर्ची पर फोटो की जगह क्यूआर कोड मिलेगा। इस कोड को स्कैन करते ही मतदान केंद्र संबंधी जानकारी मिल जाएगी। निर्वाचन कार्यालय में 18 लाख मतदाता पर्चियां आ चुकी है। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 10 अप्रैल तक संबंधित बीएलओ के माध्यम से मतदाता पर्चियां घर-घर पहुंचाई जाएगीं।
लोकसभा चुनावों के दौरान अभी तक मतदाताओं को फोटोयुक्त मतदाता पर्ची दी जाती थी। मगर इस लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को फोटो की जगह क्यूआर कोड युक्त मतदाता पर्ची दी जाएगी। इस क्यूआर कोड में ही मतदाता की पूरी जानकारी के अलावा मतदान की तिथि, मतदान का समय, वार्ड नंबर, सीरियल नंबर, मतदान स्थल का नाम, मतदाता पहचान पत्र संख्या, विधानसभा क्षेत्र का नाम सहित समेत अन्य जानकारियां मौजूद होगी।
साथ ही मतदाता पर्ची पर गूगल मैप के द्वारा पोलिंग स्टेशन तक पहुंचने की जानकारी भी इस पर्ची में दी जाएगी। इससे पोलिंग बूथ की राह आसान होगी। पीलीभीत-बहेड़ी लोकसभा की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 18,31,699 मतदाता 19 अप्रैल को होने वाले मतदान में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निवार्चन कार्यालय में सोमवार को 18 लाख मतदाता पर्चियां आ चुकी है। निर्वाचन कार्यालय से एसडीएम के माध्यम से मतदाता पर्चियां विधानसभा क्षेत्रों में भेजी जा रही है। प्रत्येक विधानसभा में 10 अप्रैल तक संबधित बीएलओ के माध्यम से मतदाता पर्चियां घर-घर पहुंचाई जाएगी।
लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को क्यूआर कोड वाली मतदाता पर्चियां उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें मतदाता से संबंधित जानकारी के साथ उनके विधानसभा क्षेत्र, मतदान केंद्र समेत अन्य जानकारियां होगी। मतदाता सूची वितरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करा दी जाएगी - ऋतु पुनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: ...तो वरुण गांधी को कहीं और चुनाव मैदान में उतार सकती है भाजपा! जानिए पूरा मामला
