सुलतानपुर: अकीदत के साथ अदा की गई अलविदा जुमा की नमाज
सुलतानपुर, अमृत विचार। मुकद्दस माह रमजान में शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज में भारी भीड़ जुटी। लोगों ने पाकीजगी के साथ अलविदा जुमे की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने अमन-चैन व भाईचारा की दुआ मांगी। सड़कों पर नमाज अदा करने की मनाही को सभी ने माना।
शहर के चौक स्थित जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अब्दुल लतीफ ने शुक्रवार को रोजेदारों से अलविदा की नमाज अदा कराई। अलविदा की नमाज के बाद बड़ी संख्या में मौजूद रोजेदारों ने एक साथ मुल्क की खुशहाली व अमन-चैन की दुआ मांगी। मरकज मस्जिद में मौलाना मोहम्मद उस्मान कासमी, जामिया इस्लामिया में मौलाना मुहम्मद ओसामा कासमी, बिबिया मस्जिद में मौलाना कासीम कासमी, हनीफ नगर मस्जिदे बिलाल में मौलाना अनज़र, गभड़िया नस्सरगंज मस्जिद में मौलाना अकरम खान, पौशाला मस्जिद में हाफिज तौहीद ने जमातुल विदा की नमाज पढ़ाई। वहीं, शिया जामा मस्जिद अमहट में मौलाना मोहम्मद जाफर खान ने अलविदा जुमा की नमाज पढ़ाई। उन्होंने तकरीर में कहा कि हर नौजवान को शिक्षा पर अधिक ध्यान देना चाहिए। यह कम्प्यूटर का दौर है। सुख मय जीवन के लिए, अच्छे समाज के विकास के लिए शिक्षा बहुत ही जरूरी है।
वहीं, अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पुलिस के साथ डटे रहे। वहीं, गोसाईगंज थाना क्षेत्र के द्वारिकागंज चौकी प्रभारी अमित सिंह लगातार क्षेत्र भ्रमण करते रहे। बताया कि धारा 144 लागू होने के नाते मस्जिदों के आसपास सुरक्षा कड़ी रही।

नमाज के बाद निकाला गया जुलूस मदहे सहाबा
रमजानुल मुबारक महीने के आखिरी जुमा को फतह मक्का की याद में जिले का ऐतेहासिक जुलूस मद-हे-सहाबा जामा मस्जिद बिबिया चौक से परंपरागत तरीके से निकाला गया। इस जुलूस की बुनियाद मौलाना अब्दुल अवल्ल फारूकी ने आज से तकरीबन 75 वर्ष पूर्व डाली थी। शुक्रवार को जुलूस की अगुवाई मौलाना मोहम्मद कासीम कासमी, मौलाना मोहम्मद उस्मान कासमी तथा मौलाना मताहरुस्सालाम कासमी ने किया। जुलूस बिबिया मस्जिद से शाहगंज चौराहा, डाकखाना चौराहा, गंदानाला रोड से चौक घंटाघर उसके बाद चित्रा गली मतीन रोड से जुलूस में इस्लामिक गगनचुंबी नारे लगाते हुए खैराबाद स्थित जामिया इस्लामिया मदरसा पर खत्म हुआ। जुलूस में फतह मक्का का तजकिरा किया गया। नातिया कलाम पेश करने वालों में मौलाना मुहम्मद ओसामा कासमी सरताज बस्तवी, आदिल हेरामऊ मुजाहिद इस्लाम आदि रहे। मौके पर सम्भ्रान्त नागरिकों में राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ के निज़ाम खान, परवेज करीम, राशिद एडवोकेट , मुफ़्ती तौफीक ,अलकमा नोमान,दानिश खान सुफियान खान,उमर फ़ैज आदि रहे।
ये भी पढ़ें -श्रावस्ती: शांति व्यवस्था बनाये रखने को एसपी ने कस्बा भिनगा में किया फ्लैग मार्च
