बरेली: वेतन न मिलने और चुनाव ड्यूटी पर भड़के शिक्षक, प्राचार्य ने नगर आयुक्त से की बात
शिक्षक संघ ने प्राचार्य का घेराव कर दो दिन में वेतन देने की मांग की
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के शिक्षकों ने वेतन न मिलने और परीक्षा के दौरान चुनाव ड्यूटी लगाने पर नाराजगी जताते हुए प्राचार्य प्रो. ओपी राय का घेराव किया। शिक्षक संघ ने प्राचार्य को छह सूत्री मांग सौंपकर जल्द से जल्द समाधान की मांग की। नगर निगम ने कॉलेज पर 23 करोड़ से अधिक का बकाया होने पर सभी खाते सीज कर दिए हैं, इसमें वेतन खाता भी है। प्राचार्य ने इस मामले में नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स से बात की। प्राचार्य का कहना है कि एक समिति बनाई है। वेतन की समस्या का जल्द समाधान निकाला जाएगा।
बरेली कॉलेज शिक्षक संघ ने सोमवार को कार्यकारिाी की बैठक की। इसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुए कि डीएम से अनुरोध किया जाए कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव में लगाई गई है, उन्हें एजीपी के अनुसार जिम्मेदारी दी जाए। इसके अलावा परीक्षाओं और कक्षाओं के दृष्टिगत रखते हुए शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त किया जाए।
शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक महीने की पांच तारीख तक मिल जाए। मार्च का वेतन दो दिन में दिया जाए, नहीं तो शिक्षक संघ कठोर कदम उठाएगा। पिछले सत्र की लेखापर्ची 10 दिन में दिलाई जाए। शिक्षकों का अवशेष एरियर का जल्द भुगतान किया जाए। किसी भी परीक्षा से पहले परीक्षा समिति की बैठक बुलाई जाए और शिक्षकों की वरिष्ठता के क्रम में ड्यूटी लगाकर उन्हें एक सप्ताह में बताया जाए और ड्यूटी चार्ट जारी किया जाए।
व्हाट्सएप पर ड्यूटी की जानकारी बंद की जाए। महासचिव प्रो. वीपी सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के किसी भी शिक्षक की ड्यूटी नहीं लगी है। कई शिक्षकों की ड्यूटी प्रतिदिन 60 से 80 किलोमीटर तक की दूरी पर लगी है, उनके जाने-आने की कोई व्यवस्था नहीं है। सभी शिक्षक काफी परेशान हैं। कई शिक्षकों की ड्यूटी उनके पद और वेतनमान के अनुरूप नहीं लगाई गई। बैठक में अध्यक्ष प्रो. गजेंद्र पाल सिंह, रूटा महामंत्री प्रो. स्वदेश सिंह, शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष प्रो. अविनाश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष डॉ. आशारानी, संयुक्त सचिव प्रो. शिखा सहित काफी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
इनकम टैक्स ने वापस भेजा चेक
खाते सील होने की वजह से शिक्षकों का इनकम टैक्स भी जमा नहीं हो पा रहा है। प्राचार्य ने 35 लाख का चेक भी इनकम टैक्स भेजा था लेकिन खाते सीज होने से इसे वापस कर दिया गया। इसकी वजह से क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के यहां से वेतन जारी नहीं हो रहा है। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त से वार्ता की गई। इसके अलावा प्रो. वीपी सिंह के नेतृत्व में एक समिति बनाई है। समिति इस मामले में रिपोर्ट देगी, जिसे प्रबंध समित के पास भेजा जाएगा। इस मामले में सोमवार को प्रो. वंदना शर्मा और अन्य भी नगर निगम पहुंचे लेकिन नगर आयुक्त से मुलाकात नहीं हो सकी। इस पर कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना को जरूरी कागजात सौंपे।
ये भी पढ़ें-बरेली: महंगा सफर...वंदे भारत एक्सप्रेस को नहीं मिल रहे यात्री, देहरादून से लखनऊ तक किया जा रहा संचालन
