रुद्रपुर: भाजपा नेताओं के कोरे वादों से अब आम जनता परेशान: जोशी

रुद्रपुर: भाजपा नेताओं के कोरे वादों से अब आम जनता परेशान: जोशी

रुद्रपुर, अमृत विचार। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर से कांग्रेस पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी प्रकाश जोशी के समर्थन में ट्रांजिट कैंप के वार्ड एक फुलसुंगा स्थित तीनपानी डाम में जनसभा आयोजित हुई। इसके बाद रोड शो भी निकाला गया।

मंगलवार को कार्यक्रम को संबोधित करते कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी ने कहा कि भाजपा नेताओं के कोरे वादों से अब आम जनता ऊब चुकी है। लोगों के बीच भाजपा का असली चेहरा लोगों के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार हटाने के दावे तो करते हैं, लेकिन उन्हें भी पता है कि भाजपा शासनकाल के दौरान बैंकों से हजारों करोड़ों के घोटाले हुए हैं। जिनके आरोपियों को भाजपा सरकार ने देश से भागने का पूरा मौका दिया।

किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र पिछले दस वर्षों से विकास के लिए तड़प रहा था। भाजपा विधायक ने यहां के विकास के लिए कोई सुध नहीं ली। जिसका खामियाजा उन्हें हार के रूप में भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब यहां तेज गति से विकास कार्य कराये जा रहे हैं। जो मार्ग वर्षों से नहीं बन पा रहे थे अब मार्ग बन जाने से लोगों को कोई परेशानी नहीं हो रही है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, मीना शर्मा, अनिल शर्मा, रामसिंह, रविन्द्र सिंह, संजय सिंह, रामस्नेही, अशोक कुमार, गोबिंद सिंह, हरीश जोशी, कमल पांडे, रंजीत प्रधान, हरीदत्त जोशी, विशाल कश्यप, निशांत शाही,जयदत्त भगत, शिशुपाल, चंद्रदेव शर्मा, लक्ष्मी दत्त जोशी, डॉ. दानू, गीता, सीता, पार्वती, शकुंतला देवी आदि लोग मौजूद थे।

निष्क्रिय-उदासीन रहा भाजपा प्रत्याशी का कार्यकाल: जोशी

 कांग्रेस के नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा प्रत्याशी प्रकाश जोशी ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट का पांच साल का कार्यकाल निष्क्रिय और उदासीन रहा। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री होते हुए भी केंद्र की कोई भी योजनाएं धरातल पर नहीं उतरी और करोड़ों की सांसद निधि वापस चली गयी है। इसके अलावा अग्निवीर योजना का कोई विरोध नहीं करके भाजपा प्रत्याशी ने पर्वतीय युवाओं का भविष्य अधर में लटका दिया है।

मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बोलते हुए कांग्रेस प्रत्याशी जोशी ने कहा कि जनता के सवालों का जवाब भाजपा प्रत्याशी को देना होगा। चाहे वह अग्निवीर योजना हो अन्य कार्य। उन्होंने कि यदि जनता ने मौका दिया तो शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर उनका एक मजबूत विजन है और पहले ही वर्ष में इसका असर जनता देखेगी।

इस अवसर पर जसपुर विधायक आदेश चौहान, जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा, तराई किसान संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष तजिंदर सिंह विर्क, हरीश पनेरू, डॉ. गणेश उपाध्याय, शिल्पी अरोरा, सौरभ चिलाना, संदीप चीमा, सीपी शर्मा, फरीद अहमद मंसूरी आदि मौजूद रहे।