बरेली: पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कई लोग लहूलुहान...अस्पताल में भर्ती 

बरेली: पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कई लोग लहूलुहान...अस्पताल में भर्ती 

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज थाना क्षेत्र के दियोरिया अब्दुल्लागंज में ईद की नमाज के बाद चुनावी रंजिश में दो पक्षों में जमकर चाकू और छुरियां चलीं, जिसमें एक पक्ष के चार और दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

गांव दियोरिया अब्दुल्लागंज निवासी खिजर बेग ने बताया कि वह गुरुवार सुबह 10:30 बजे ईद की नवाज पढ़ने के बाद पंचायत घर में खड़े थे। आरोप है कि इसी बीच गांव के दबंग जीशान खां, शानू खां, सुहेल खां, शुजेव खां, उवेज खां उर्फ मम्मा, इल्यास खां, गुड्डू खां, चम्मू खां और शुऐब खां आए और उन्हें और उनके भाई अमन बेग और रमीम बेग को घेर कर गाली-गलौच करने लगे।

विरोध करने पर सभी ने दोनों भाइयों पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए अनीस बेग, सुहेल बेग और सलीम बेग पर भी चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे सभी लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सलीम बेग का बड़ा लड़का दानिश बेग पहले बीडीसी सदस्य रहा था। इस चुनाव में वह हार गया और जीशान खां जीत गया था। तभी से दोनों में विवाद चल रहा है।

पुलिस ने तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं पुलिस ने बीडीसी सदस्य जीशान खां की तहरीर पर दानिश बेग, सुहेल बेग, अनीस बेग, अमन बेग, रमीम बेग और सलीम बेग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बरेली: सकुशल सम्पन्न हुई ईद-उल-फितर की नमाज, मांगी अमन चैन की दुआ...ड्रोन से की गई निगरानी