हल्द्वानी: 700 जवानों पर योगी-प्रियंका की सुरक्षा का जिम्मा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट पर स्टार प्रचारकों की रैली और जनसभाओं का दौर शुरू हो गया है। रुद्रपुर में प्रधानमंत्री मोदी की रैली के बाद अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 अप्रैल को हल्द्वानी आ रहे हैं। संभवत: यह उनका पहला हल्द्वानी दौरा है। इसी दिन कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी रामनगर में जनसभा करेंगी। दोनों बड़े नेताओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट हो गई है। करीब 700 पुलिस कर्मियों पर दोनों नेताओं की सुरक्षा का जिम्मा है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होगी। वहीं प्रियंका गांधी का कार्यक्रम रामनगर में प्रस्तावित है। दोनों दिग्गजों को सुनने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ने का अनुमान है। सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसलिए पुलिस तैयारियों में जुट गई है। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा खुद सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। इंटेलीजेंस और एलआईयू हर गतिविधि पर नजर रख रही है। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास रहने वालों का भौतिक सत्यापन शुरू कर दिया है। कार्यक्रम के दिन चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगा। एसएसपी के अनुसार रामनगर व हल्द्वानी की सभाओं के लिए पूरे कुमाऊं से राजपत्रित अधिकारी व पुलिस कर्मचारी पहुंचेंगे। चार कंपनी पीएसी मिल चुकी है। अर्धसैनिक बल भी तैनात रहेगा।

रैली में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 13 अप्रैल को बारिश की संभावना जताई है। नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 13 अप्रैल को हल्द्वानी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी की रामनगर में रैली होनी है। ऐसे में रैली पर बारिश का असर पड़ने की संभावना है।

संबंधित समाचार