हल्द्वानी: नगला-काठगोदाम फोरलेन पर आंवला चौकी गेट, महालक्ष्मी मंदिर के समीप कट खोलने की मांग
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ नगला-काठगोदाम फोरलेन का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रशासन ने पानी की निकासी और जनता की सुरक्षा को देखते हुए कट खोलने के निर्देश दिए। साथ ही सर्विस रोड की जद में आ रहे भवनों का निरीक्षण किया। जल्द ही इन निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा।
एसडीएम परितोष वर्मा ने एनएचएआई की अपर परियोजना निदेशक मीनू के साथ नगला से काठगोदाम तक बरेली फोरलेन का स्थलीय निरीक्षण किया। सबसे पहले रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले ओवरब्रिज का निरीक्षण किया और तकनीकी एवं फिजिकल समस्याओं को देखा। इस बीच जनता ने आंवला चौकी गेट, महालक्ष्मी मंदिर के पास समेत तीन-चार जगह कट खोलने की मांग की।
नियमानुसार फोरलेन पर आबादी वाले क्षेत्रों में कट नहीं खोला जाता है। इस पर एसडीएम वर्मा ने जनता की सहूलियत और सड़क सुरक्षा को देखते हुए कट खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क का लेवल ऊपर नीचे होने से पानी की निकासी नहीं हो रही है, इसमें सुधार किया जाए।
जल संस्थान की नई पेयजल लाइन को शिफ्ट किया जाए। वहीं, सड़क की जद में दो-तीन सरकारी स्कूल आ रहे थे। इनमें एक स्कूल के 6 कमरे तोड़े गए थे। इन क्लास रूम को अस्थायी तौर पर टिनशेड पर संचालित किया जा रहा था। एसडीएम ने पक्के भवन बनाने और जिस स्कूल की बाउंड्री तोड़ी थी उसकी चाहरदीवारी बनाने को कहा। इसके बाद फोरलेन की सर्विस रोड की जद में आ रहे भवनों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जब इन भवनों को तोड़ना है तो पुलिस फोर्स की मांग की जाए और ध्वस्तीकरण किया जाए। इधर, एसडीएम के निर्देशों के बाद एनएचएआई ने काम शुरू कर दिया है।
