Lok Sabha Election 2024: कानपुर में चौथे चरण में 13 मई को चुनाव...आज थमेगा चुनावी शोर, कल रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

कानपुर में चौथे चरण में 13 मई को चुनाव होना है

Lok Sabha Election 2024: कानपुर में चौथे चरण में 13 मई को चुनाव...आज थमेगा चुनावी शोर, कल रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

कानपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव का शोर आज शनिवार की शाम पांच बजे से थम जाएगा। रविवार को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नौबस्सा गल्ला मंडी से पोलिंग पार्टियां सेवन रेस कोर्स व निरंकारी आश्रम पहुंचेंगी, जहां से बसों के जरिए अपने बूथों के लिए रवाना होंगी। 

कानपुर और अकबरपुर संसदीय सीट पर चौथे चरण में 13 मई को मतदान है। इधर, करीब एक माह से चल रहा चुनावी शोर, जनसभा, रैली और जनसंपर्क अभियान शनिवार शाम पांच बजे से थम जाएगा। रविवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। वैसे हर बार पोलिंग पार्टियां नौबस्ता गल्ला मंडी से रवाना होती थीं, लेकिन इस बार मेट्रो का निर्माण कार्य चलने के कारण सभी बसों को गल्ला मंडी में नहीं खड़ा किया जा सकता है। इस वजह से गल्ला मंडी से डेढ़ किलोमीटर दूर सेवन रेस कोर्स और निरंकारी आश्रम के पास से पोलिंग पार्टियों को ले जाने के लिए 800 बसें खड़ी होंगी। 

इनमें बिठूर और महाराजपुर विधानसभा की पोलिंग पार्टियों के लिए 200 बसें होंगी। अन्य विधानसभा के लिए 600 बसें लगाई गई हैं। गल्ला मंडी से सेवन रेस कोर्स और निरंकारी आश्रम तक पोलिंग पार्टियों को ले जाने के लिए 80 बसों का अलग से प्रबंध किया गया है। इन 80 बसों की सेवा को शटल सेवा का नाम दिया गया है।

3614 कुल पोलिंग बूथ
1411 कुल मतदान केंद्र
3979 कुल पोलिंग पार्टियां

कानपुर में विधानसभावार मतदान केंद्र व मतदेय स्थल 

गोविंदनगर में मतदान केंद्र 73, मतदेय स्थल 350, सीसामऊ में मतदान केंद्र 48, मतदेय स्थल 275, आर्यनगर में मतदान केंद्र 64, मतदेय स्थल 293, किदवईनगर में मतदान केंद्र 78, मतदेय स्थल 350, कैंट में मतदान केंद्र 79, मतदेय स्थल 339 हैं। 

अकबरपुर में विधानसभावार मतदान केंद्र व मतदेय स्थल

कल्याणपुर में मतदान केंद्र 67, मतदेय स्थल 340, बिठूर में मतदान केंद्र 271, मतदेय स्थल 416, महाराजपुर में मतदान केंद्र 147, मतदेय स्थल 452 और घाटमपुर में मतदान केंद्र 255, मतदेय स्थल 366 हैं।

मिश्रिख लोकसभा आंशिक 

बिल्हौर विधानसभा में मतदान केंद्र 329, मतदेय स्थल 433 हैं।  

इस बार 100 मतदेय स्थल बढ़े 

लोकसभा चुनाव 2019 में जिले में 3514 मतदेय स्थल व 1398 मतदान केंद्र थे, जिसमें इस बार 100 की बढ़ोतरी हुई है। अब मतदेय स्थल 3614 और मतदान केंद्र 1411 है। इससे मतदाताओं को काफी सहुलियत मिलेगी। मतदाताओं को अब ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें- कानपुर और कन्नौज में जनसभा, राहुल गांधी ने कहा- हम यूपी की 50 सीटें जीतने जा रहे हैं, अखिलेश बोले-सरकार बनी तो अग्निवीर भर्ती परीक्षा होगी खत्म