लखनऊ : जूता-चप्पल कारोबारी के गोदाम से लाखों की चोरी
अमीनाबाद पुलिस ने सात लोगों पर दर्ज की एफआईआर
अमृत विचार, लखनऊ। अमीनाबाद थाने में जूता-चप्पल कारोबारी ने एक गोदाम मालिक पर गोदाम से लाखों रुपये का माल और नगदी लूटने का आरोप लगाया है। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस ने गोदाम मालिक व उसके दो बेटों समेत सात लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।
प्रभारी निरीक्षक सुनील आजाद के मुताबिक, मौलवीगंज निवासी जूता-चप्पल कारोबारी मो. अहमद ने हबीबुर्रहमान से उनका चिकमंडी स्थित गाेदाम किराये पर लिया था। लिखित शिकायत में पीड़ित ने बताया कि गोदाम में छह लाख का सामान व एक लाख रुपये नकद रखे थे।
बीते 20 अप्रैल की रात करीब नौ बजे वह गोदाम बंद कर घर गए थे। 21 अप्रैल की सुबह जब पहुंचे तो देखा कि गोदाम के ताले टूटे थे। गोदाम में रखे एक लाख रुपये गायब थे। कुछ सामान बाहर पड़ा था और कुछ गायब था। अहमद का आरोप है कि गोदाम मालिक हबीबुर्रहमान व उसके बेटे जान से मारने की धमकी व जबरन गोदाम खाली करने की बात कही है। आरोपियों ने गोदाम में लूट की है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर हबीबुर्रहमान, बेटे काशिफ, आमिश, हुसैन अहमद व उनके बेटे नदीम, दाउद और शफीकुर्रहमान के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
