शाहजहांपुर: बेटी ने दर्ज कराई पिता के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर,अमृत विचार: पत्नी की हत्या करने वाले गंगाधर कश्यप के खिलाफ उसकी बेटी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। 

थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव रपड़िया निवासी सरिता ने बताया कि मेरे पिता गंगाधर कश्यप 12 मई को पूरी रात मां सुनीता से लड़ते रहे, मां को रात में काफी मारापीटा। अगले दिन 13 मई को पिता मेरी मां सुनीता देवी व दो वर्षीय भाई कैलास को साथ लेकर सुबह सात बजे यह कह कर निकले कि ईट भट्ठा पर हिसाब बनवाने जा रहे हैं।

शाम को तीन बजे पिता छोटे भाई कैलास को साथ लेकर आए लेकिन मां साथ में नहीं थी, इस पर उसने पिता से मां के बारे में पूछा तो बता दिया कि अब मां नहीं मिलेगी क्योंकि वह अब इस दुनिया में नहीं है। यह सुनकर सरिता रोते हुए प्रधान के घर पहुंची और मामले की जानकारी दी, 

तब प्रधान व गांव वालों नं गंगाधर को पकड़कर उससे पूछताछ की तब गंगाधर ने बताया कि उसने पत्नी सुनीता को रामगंगा नदी में डूबो कर मार दिया। डूबोने के बाद शव को बाहर निकाल कर डाल दिया। सुनीता का शव रामगंगा नदी किनारे धुबला करीमनगर के पास मिला। बेटी सरिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी गंगाधर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: जिले में 10 लाख 88 हजार 34 मतदाताओं ने नहीं डाला वोट, कम विकास और चुनाव बहिष्कार बना वजह

संबंधित समाचार