Fatehpur: PM मोदी की सुरक्षा में सेंध...एसपीजी ने एक संदिग्ध को पकड़ा, युवक के पास से मिला गृह मंत्रालय के फर्जी कार्ड
फतेहपुर में एसपीजी ने एक संदिग्ध को पकड़ा
फतेहपुर, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा से पहले एसपीजी ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया। उसके पास से गृह मंत्रालय का फर्जी कार्ड भी मिला है। मामले में एसपीजी ने उसे पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर कार्रवाई करने की बात कही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बनाई गई कॉटेज में अनाधिकृत रूप से घुसने का मामला सामने आया है। बता दें प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए कॉटेज में पीएमओ व एसपीजी द्वारा ताला बंद किया गया था। प्रधानमंत्री के आने से पहले एक युवक जो गृह मंत्रालय का कार्ड भी टांगे थे। वह कॉटेज में जाने के लिए अधिकारियों से कर रहा था खुद को मंत्रालय का होने की बात कही थी। ताला न खुलने से वह हो-हल्ला भी कर रहा था।
एसपीजी ने जब संदिग्ध युवक से पूछताछ की तो वह फर्जी निकला और गृह मंत्रालय का कार्ड भी फर्जी निकला। एसपीजी ने पुलिस को युवक को सौंपते हुए कार्रवाई करने की बात कही है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेताओं के कार्यक्रम में फर्जी कार्ड के जरिए वह रौब दिखाता था। यही युवक जितिन प्रसाद, जेपी नड्डा एवं एक दिन पूर्व योगी आदित्यनाथ की जनसभा में भी एलआईयू व पुलिस अधिकारियों से भिड़ गया था।
युवक का नाम ऋतिक बताया जा रहा है। एसपीजी ने अपर जिलाधिकारी एवं पुलिस को युवक को सौंप कार्रवाई करने को कहा है। युवक से पूछताछ करते हुए पुलिस भी जांच पड़ताल में जुटी है। अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि युवक से पूछताछ कर जांच पड़ताल की जा रही है।
