गोंडा और कैसरगंज में मतदान कल, 37.47 लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

गोंडा और कैसरगंज में मतदान कल, 37.47 लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

गोंडा,अमृत विचार। जिले की गोंडा और कैसरगंज लोकसभा सीट पर सोमवार को वोट डाले जायेंगे। लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। रविवार को शहर के टामसन इंटर कालेज से पोलिंग पार्टियों की रवानगी करायी गयी। शाम तक सभी पार्टियां अपने पोलिंग बूथों पर पहुंच गयीं। सोमवार को 37.47 लाख मतदाता इन दोनों सीटों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। 

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सोमवार को गोंडा व कैसरगंज लोकसभा सीट पर मतदान होना है‌। इन दोनों लोकसभा सीटों के 4002 पोलिंग बूथों पर करीब 16 हजार मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गयी है‌। रविवार को शहर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज से पोलिंग पार्टियों की रवानगी करायी गयी। जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में मतदान कार्मिक अपनी पार्टियों के साथ अपने पोलिंग बूथों के लिए रवाना हुए। देर शाम तक सभी पार्टियां अपने पोलिंग बूथ पर पहुंच गयी। जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां अपने बूथ तक पहुंच गयी हैं। सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में शत प्रतिशत मतदान करना सभी का कर्तव्य है‌। उन्होंने मतदाताओं से आवाह्न किया कि सभी लोग पहले पोलिंग बूथ पर पहुंचकर मतदान करें इसके बाद जलपान व अन्य कार्य करें।

गोंडा दो

संवेदनशील मतदान केंद्रों पर तैनात रहेंगे अर्ध सैनिक बल, होगी विडियोग्राफी

लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमा भी पूरी तरह से तैयार है‌। चुनाव के दौरान खलल डालने वाले संदिग्धों पर पुलिस की कड़ी निगरानी है‌। 8 हजार से अधिक लोगों को पाबंद किया गया है‌। वहीं संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा अर्ध सैनिक बलों के हवाले कर दी गयी है‌। अर्धसैनिक बल के जवान केंद्रों पर मुस्तैद रहकर भयमुक्त चुनाव संपन्न करायेंगे। सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों की विडियो ग्राफी भी करायी जायेगी। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में अर्ध सैनिक बल, पीएसी व नागरिक पुलिस के जवान लगाए गए हैं। 

फैक्ट फाइल गोंडा लोकसभा सीट 

कुल मतदाता-           1843121
महिला मतदाता -         854668
पुरुष मतदाता              988384  
अन्य-                           79
मतदान केंद्र-                1156
पोलिंग बूथ-                  1985

फैक्ट फाइल कैसरगंज लोकसभा सीट

कुल मतदाता -1904726
पुरुष मतदाता - 1009379
महिला मतदाता -895285
अन्य-62
मतदान केंद्र- 1263
पोलिंग बूथ-  2017

यह भी पढ़ें: गोंडा: चुनाव ड्यूटी को निकले सहायक समाज कल्याण अधिकारी की मौत