हल्द्वानी: अंतरराष्ट्रीय वैदिक भजनोपदेशक दिनेश पथिक 24 से हल्द्वानी में
हल्द्वानी, अमृत विचार। आर्य समाज का वार्षिकोत्सव 24 मई से आयोजित हो रहा है। तीन दिवसीय महोत्सव स्थानीय आर्य समाज में होगा।
आर्य समाज के प्रधान डॉ. विनय विद्यालंकार ने बताया कि तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव में परोपकारिणी सभा अजमेर के संरक्षक और परोपकारी पत्रिका के संपादक डॉ. वेदपाल आचार्य मुख्य वक्ता रहेंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय वैदिक भजनोपदेशक पं. दिनेश पथिक अमृतसर से आ रहे हैं।
तीनों दिन प्रात: 8 बजे से 10 बजे तक यज्ञ, भजन व प्रवचन होंगे। इसी तरह शाम को सायं 6 बजे से 8 बजे तक भजन और प्रवचन होंगे। 26 मई को यज्ञ पूर्णाहुति की जाएगी।
वार्षिकोत्सव में रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट मुख्य अतिथि, विधायक बंशीधर भगत, विधायक सुमित हृदयेश व निवर्तमान महापौर डॉ जोगेंद्र रौतेला विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
मालूम हो कि आर्य समाज में प्रतिदिन दैनिक यज्ञ, प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक सत्संग, त्योहारों पर विशेष यज्ञ किया जाता है। परिसर में धर्मार्थ औषधालय भी है। आर्य समाज हल्द्वानी के पदाधिकारी वार्षिकोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं।
