लखीमपुर खीरी: 13 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या, नदी में फेंका शव

गुरुवार रात से रहस्यमय ढंग से लापता हुई थी 13 वर्षीय किशोरी

लखीमपुर खीरी: 13 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या, नदी में फेंका शव

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना पढुआ क्षेत्र में दो दिन से लापता एक 13 वर्षीय किशोरी की का शव जौरहा नदी से बरामद हुआ है। परिवार वालों ने गांव के ही तीन लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद रस्सी से गला घोटकर हत्या करने व शव नदी में फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजते हुए छानबीन शुरू कर दी है। 

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिवार वालों ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री गुरुवार की रात अचानक घर से गायब हो गई थी। उसकी मां जब जागी तो देखा पुत्री बिस्तर पर नहीं थी। तभी से परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिवार के लोग तलाश कर रहे थे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि एक शव जौरहा नदी में देखा गया है।

सूचना पाकर परिवार के लोग शनिवार की दोपहर मौके पर पहुंचे तो देखा शव उसकी पुत्री का था। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोगों की भीड मौके पर जुट गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

परिवार वालों ने बताया कि मृतक किशोरी के गले पर रस्सी से गला घोटे जाने के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। उसकी नाक व मुंह से खून निकल रहा था। इससे साफ है कि किशोरी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई है। परिवार वालों ने तीन लोगों पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को नदी में फेकने का आरोप लगाया है और पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। उधर घटना से इलाके में दहशत फैल गई। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। थानाध्यक्ष हरिकेश राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। 

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: कठिना नदी पुल से नीचे पलटा एलपीजी से भरा टैंकर, चालक क्लीनर घायल मोहम्मदी इलाके में बड़ा हादसा