अयोध्या में तय हुआ लक्ष्य, 38 लाख पौधे रोपकर हरियाली लाएंगे 26 विभाग

अयोध्या में तय हुआ लक्ष्य, 38 लाख पौधे रोपकर हरियाली लाएंगे 26 विभाग

अयोध्या, अमृत विचार। जिले को हरा-भरा बनाने के लिए एक बार फिर से पौधों को रोपने का लक्ष्य तैयार कर लिया गया है। इस बार तकरीबन 38 लाख के करीब पौधाें को रोपा जाएगा। इसके लिए वन विभाग सहित अन्य विभाग भी जुट गए हैं। सरकार का जोर वायु को शुद्ध करके स्वच्छ ऑक्सीजन देने वाले फलदार और औषधीय गुण वाले पौधों को लगाने पर है।  
    
प्रदेश सरकार विकास के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रख रही है। अयोध्या की हवा को सुधारने के लिए सरकार पौधरोपण अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। इससे वायुमण्डल में ऑक्सीजन की शुद्ध मात्रा को बढ़ाने व वातावरण को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। पौधरोपण के दौरान सहजन, पीपल, पाकड़, बरगद, अर्जुन, जामुन, आंवला, अमरूद, आम, सागौन, शीशम आदि के ज्यादा से ज्यादा पौधों के रोपण की तैयारी है। अभियान में वन विभाग के अलावा 26 अन्य विभाग भाग लेंगे। किस विभाग को कितने पौधे लगाने का लक्ष्य है, उसकी सूची भी वन विभाग ने बना ली है। जनता की सहभागिता के लिए पौधे लगाने की इच्छुक को भी पौधे देने की योजना बनाई जा रही है। हर घर एक पौधा देने की तैयारी है, जिससे अधिक से अधिक पौधरोपण हो सके और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिले।

श्रम व परिवहन विभाग लगाएंगे सबसे कम पौधे 

विभाग-पौधों की संख्या
ग्राम्य विकास विभाग- 13.78 लाख 
वन एंव वन्य जीव विभाग - 13.10 लाख
राजस्व विभाग- 1.15 लाख
पंचायती राज विभाग - 1.39 लाख
आवास विकास विभाग - छह हजार
औद्योगिक विकास - सात हजार
नगर विकास - 23 हजार
लोक निर्माण विभाग - 13 हजार
सिंचाई विभाग - 13 हजार
कृषि विभाग - 2.76 लाख
पशुपालन विभाग - सात हजार
सहकारिता विभाग - 6160
उद्योग विभाग - 10 हजार
विद्युत विभाग - 5040
माध्यमिक शिक्षा - आठ हजार
बेसिक शिक्षा - 14 हजार
प्राविधिक शिक्षा - पांच हजार
उच्च शिक्षा - 19 हजार
श्रम विभाग - 3700
स्वास्थ्य विभाग -10 हजार
परिवहन विभाग -3000
रेलवे विभाग - 12 हजार
रक्षा विभाग - आठ हजार
उद्यान विभाग - 1.69 लाख
पुलिस विभाग - 7280
पर्यावरण विभाग-2.48 लाख

वर्जन- 
फलदार व ऑक्सीजन देने वाले पौधों को अधिक संख्या में लगाने की योजना है। सभी विभागों काे लक्ष्य दिया गया है। -प्रणव जैन, जिला वन अधिकारी

ये भी पढ़ें -गोंडा: स्कूलों में बनेंगे इको क्लब, पर्यावरण को लेकर नौनिहाल होंगे जागरुक