Bareilly News: ये नगर निगम का हाल...करोड़ों फूंककर किए विकास के दावे, फिर भी भीषण गर्मी में शहर के लोग प्यासे
बरेली, अमृत विचार। पावर कॉरपोरेशन की तरह नगर निगम के अफसरों ने भी शहर में करोड़ों का बजट फूंककर पानी की जरूरत के मुताबिक सप्लाई करने के दावे किए लेकिन भीषण गर्मी में जब खपत बढ़ी तो इन दावों की असलियत भी सामने आ गई।
हालत यह है कि शहर के कई ओवरहेड टैंक पूरा न भर पाने के कारण लोगों की जरूरत पूरी नहीं कर पा रहे हैं और एक-दो घंटे सप्लाई करके ही खाली हो जा रहे हैं। शहर के घनी आबादी वाले कई इलाकों में पानी का संकट बना हुआ है। करीब 15 दिन से पानी न आने पर शुक्रवार को बानखाना के लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नगर निगम ने पीने के पानी की सप्लाई के सिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए करोड़ों का बजट खर्च किया है लेकिन फिर भी इसका फायदा शहर के लोगों को नहीं मिल रहा है। शहर की आबादी करीब 15 लाख है जिसे पानी की सप्लाई करने के लिए नगर निगम के 42 ओवरहेड टैंक हैं लेकिन गिने-चुने इलाके ही हैं जहां पानी की सप्लाई ठीक से हो पा रही है।
कई ओवरहेड पूरी तरह भर ही नहीं पा रहे हैं लिहाजा जरूरत के मुताबिक पानी की सप्लाई भी नहीं कर पा रहे हैं। ओवरहेड टैंक न भर पाने की वजह क्या है, नगर निगम के अफसर इसका कारण तलाश कर उसे ठीक कराने में भी दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि लोगों की शिकायतों पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बानखाना कुछ इलाकों में करीब 15 दिन से पानी की सप्लाई ठप है। शुक्रवार को गुद्दड़बाग मंदिर चौक वाली गली में पानी न मिलने से गुस्साए लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी में पानी न आने की वे कई शिकायतें कर चुके हैं लेकिन नगर निगम में कोई सुनने को तैयार नहीं है।
इरशाद खान ने बताया कि बानखाना की मस्जिद खुदा बख्श के सामने वाली में पानी की आपूर्ति नही हो रही है। जुमे के दिन भी पानी की समस्या बनी रही। इसी इलाके की नजाकत बी, रुखसार खान, अफरोजा, बेगम, रानी आदि ने बताया कि उन्हें दिन में कई बार हैंडपंप से पानी लेने घर के बाहर जाना पड़ता है। कई हैंडपंप भी सूखे पड़े हैं। काफी चलाने के बाद भी उनसे पानी नहीं आता।
जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी वारसी ने बताया कि नावल्टी चौराहे पर लगा हैंडपंप भी 10 महीने से खराब पड़ा है। इसका रीबोर होना था लेकिन नगर निगम उसे ठीक नहीं करा रहा है। उन्होंने मांग की कि नगर निगम प्रशासन भीषण गर्मी देखते हुए पेयजल सुविधा को ठीक रखे और खराब पड़े हैंडपंपों की दुरुस्त कराए।
दूसरे दिन भी सूफी टोला नहीं पहुंचे जेई
सूफी टोला के करीब 250 घरों में पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही है। गुस्साई महिलाओं ने बृहस्पतिवार को नगर निगम जाकर प्रदर्शन किया था जिसके बाद अपर नगर आयुक्त ने उन्हें शाम तक समस्या का निदान कराने का आश्वासन देने के साथ जलकल विभाग के जेई को फौरन मौके पर जाकर फाल्ट ठीक कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी जेई न बृहस्पतिवार को सूफी टोला पहुंचा न शुक्रवार को।
लोगों ने कहा कि नगर निगम के अफसर पब्लिक की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि शहामतगंज में पानी की टंकी दो घंटे में खाली हो जा रही है। कई दिनों से ओवरहेड टैंक को भरा भी नहीं जा रहा है।
ये भी पढे़ं- बरेली: अब जिला अस्पताल में होगी थैलेसीमिया के रोगियों की जांच, तैयारियां शुरू
