बरेली: मारिया फ्रोजन मीट फैक्ट्री प्रबंधन ने पुलिस के दावे को बताया पूरा हवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तीन लोगों को गिरफ्तार फैक्ट्री में चोरी की भैंसों को कटवाने का किया था दावा

बरेली, अमृत विचार। पांच सौ से ज्यादा भैंसे चोरी कर उन्हें मारिया फ्रोजन मीट फैक्ट्री में कटवाने का पुलिस का दावा 24 घंटे बाद भी पुष्टि की दिशा में एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाया। उधर, फैक्ट्री प्रबंधन ने इस दावे को पूरी तरह हवाई बताया है। उसका कहना है कि फैक्ट्री में कटने वाले पशुओं का पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है। भैंस चोर गिरोह के सरगना नफीस का फैक्ट्री का कर्मचारी होने का दावा भी पूरी तरह गलत है।

फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने बृहस्पतिवार रात जगतपुर गौंटिया चांद मस्जिद निवासी आदिल, पुराना शहर के नफीस और अहलादपुर के आकाश को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से एक भैंस, एक पड्डा, 12 बोर की एक पौनिया, कारतूस, एक पिकअप और एक टेंपो बरामद करने का दावा करते हुए पुलिस ने बताया था कि तीनों भैंस चोर गिरोह के सदस्य हैं। तीन और भैंस चोर जुनैद, इमरान और लाडला मौके से भाग निकले। इस गिरोह ने पांच सौ से ज्यादा भैंसे चोरी कर मारिया फ्रोजन फैक्ट्री में कटवाई हैं। पुलिस का कहना था कि गिरोह का सरगना नफीस फैक्ट्री का कर्मचारी है जो चोरी की भैंसों को सिर्फ 30 मिनट में कटवा देता था जबकि सामान्य प्रक्रिया में इसमें 10 से 12 घंटे तक का समय लगता है।

पुलिस की छानबीन तो यह दावा करने के बाद एक भी कदम आगे नहीं बढ़ी। शनिवार को पुलिस कोई पूछताछ करने फैक्ट्री भी नहीं पहुंची, लेकिन दूसरी तरफ फैक्ट्री प्रबंधन ने पुलिस के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। फैक्ट्री प्रबंधक ईशान ने बताया कि नफीस फैक्ट्री का कर्मचारी नहीं है। तीन दिन पहले पुलिस ने फैक्ट्री के बाहर से किसी को पकड़ा था, हो सकता है वह नफीस ही हो। फैक्ट्री में सभी पशुओं का रिकॉर्ड रखा जाता है। तीन महीने पहले कैंट पुलिस को फैक्ट्री के सभी कर्मचारियों की सूची देकर वैरिफिकेशन कराया गया था। इससे भी इसकी पुष्टि की जा सकती है।उधर, एसपी देहात दक्षिणी मानुष पारीक ने इतना ही बताया कि फरार हुए तीन भैंस चोरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

मारिया फ्रोजन में पशु कटान की आईजी कराएंगे जांच
मारिया फ्रोजन मीट फैक्ट्री में चोरी के पशुओं का कटान होने की चर्चा के बीच आईजी ने जांच बैठा दी है। फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस ने शुक्रवार को पशु चोर गिरोह पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के तार मारिया मीट फैक्ट्री से जुड़े हैं। बताया गया कि पकड़ा गया आरोपी नफीस इसी मीट फैक्ट्री में काम करता है। चोरी के पशु कटवाने में उसकी भूमिका रहती है। हालांकि, प्रबंधन ने नफीस से फैक्ट्री से कोई संबंध न होने की बात कही थी। आईजी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि चोरी के पशु कटान का आरोप लगा है तो उसकी जांच कराई जाएगी।

ये भी पढे़ं- बरेली: घर में मृत मिला बीज विकास निगम कर्मी, पुलिस ने गर्मी से मौत की जताई आशंका 

संबंधित समाचार