बरेली: और गिरा पारा, अगले तीन दिन बूंदाबांदी होने के आसार...गर्मी से मिल सकती है राहत
बरेली, अमृत विचार। रविवार को पारा थोड़ा और गिरने के बाद लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले तीन दिन बूंदाबांदी होने के आसार हैं जिससे गर्मी से कुछ और राहत मिल सकती है।
मौसम विज्ञानियों ने रेमल के प्रभाव से जिले में बादलों के छाए रहने के साथ बूंदाबांदी के आसार थे, लेकिन बारिश नहीं हुई। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य 1.2 डिग्री ज्यादा 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 3.1 डिग्री ज्यादा 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह 55 प्रतिशत आर्द्रता रहने से उमस का एहसास हुआ लेकिन शाम आद्रता भी घटकर 32 प्रतिशत पर आ गई।
आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिन बूंदाबांदी के आसार हैं जो गर्मी से कुछ और राहत देंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान में तो कमी आएगी लेकिन न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है। पूर्वानुमान है कि तीन दिनों औसतन अधिकतम तापमान 38 से 39 और न्यूनतम 28 से 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा। छह जून के बाद अधिकतम तापमान एक बार फिर 41 से 42 और न्यूनतम 30 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: मतगणना स्थल पर एंबुलेंस के साथ मुस्तैद रहेंगी स्वास्थ्य टीमें
