बरेली: तीन दिन से बिजली संकट पर फूटा गुस्सा, किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मोहल्ला कुंवरपुर के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन

बरेली, अमृत विचार। किला के मोहल्ला कुंवरपुर में तीन दिन से बिजली का संकट बना हुआ है। रविवार को मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इधर, जब विद्युत टीम कुंवरपुर को सप्लाई देने के लिए कुंवरपुर तलैया के ट्रांसफार्मर से लाइन पहुंची तो वहां के लोगों ने इसका विरोध किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया।

किला सबस्टेशन के कुंवरपुर में ट्रांसफार्मर ओवरलोड है। इस कारण तीन दिनों से लोगों को बिजली समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसपर विभाग ने कुंवरपुर तलैया में लगे ट्रांसफार्मर से कुंवरपुर की सप्लाई जोड़ने का निर्णय लिया। रविवार को विद्युत टीम ट्रांसफार्मर से लाइन जोड़ने पहुंची तो यहां के लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। विरोध के बीच टीम ने काम रोक दिया।

अधिशासी अभियंता द्वितीय सत्येन्द्र चौहान, एसडीओ भगवान दास और किला पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझाया। इसके बाद लाइन जोड़ने का काम शुरू हो सका। फिलहाल, देर रात तक क्षेत्र की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।

कई इलाकों में ट्रिपिंग और बिजली कटौती ने किया परेशान
सिविल लाइंस क्षेत्र में रविवार को पूरा दिन ट्रिपिंग की समस्या से लोग परेशान होते रहे। मोहल्ला नवाब साहब का अहाता में बिजली कटौती की गई। स्टेशन रोड पर भी ट्रिपिंग का क्रम जारी रहा। शाम के समय स्टेट बैंक कॉलोनी में बिजली कटौती की गई। वहीं, शनिवार रात वमनपुरी में बंच केबल जल गई। इससे कई घंटे आपूर्ति बाधित रही। रविवार सुबह फाल्ट ठीक कराकर बिजली बहाल की गई। सुभाषनगर के बदायूं रोड पर लोकल फाल्ट से परेशानी हुई। किला के बाकरगंज, जसोली, हुसैन बाद औ गढ़ी चौकी क्षेत्र में लो वोल्टेज के साथ ट्रिपिंग से दिक्कत रही। जगतपुर, पुराना शहर और सैलानी क्षेत्र में कटौती हुई। शाहदाना उपकेंद्र से ओवरलोडिंग कम नहीं होने पर वहां पर शनिवार रात के साथ रविवार को दिन में भी बिजली कटौती की गई।

कुंवरपुर में सिंगल सर्किट केबल होने से बार बार फाल्ट हो रहे थे। रविवार को कुछ लोगों ने हंगामा किया था। लेकिन उन्हें समझाकर डबल सर्किट केबल डालकर आपूर्ति बहाल करा दी गई-सत्येन्द्र चौहान, अधिशासी अभियंता द्वितीय

ये भी पढे़ं-  बरेली: परिणाम घोषित होने के डेढ़ महीने बाद भी नहीं मिला अंकपत्र, छात्र परेशान

संबंधित समाचार