हल्द्वानी: लोकसभा चुनाव की मतगणना आज, तैयारियां पूरी

हल्द्वानी: लोकसभा चुनाव की मतगणना आज, तैयारियां पूरी

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला प्रशासन ने लोकसभा चुनाव-2024 की मतगणना के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना स्थल एमबीपीजी कॉलेज में सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। 

सोमवार को एमबीपीजी कॉलेज में नगर आयुक्त/नोडल अधिकारी मीडिया विशाल मिश्रा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि जिला प्रशासन ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना स्थल पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। मंगलवार की सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। उन्होंने बताया कि जनपद की छह विधानसभा सीटों के लिए 84 टेबल लगाई गई हैं।

प्रत्येक सीट के लिए 14-14 टेबल और एक टेबल वीवीपैट के लिए लगाई जाएगी। मतगणना में 144 माइक्रो ऑब्जर्वर, 114 सुपरवाइजर व 120 सहायक कुल 378 कार्मिकों को तैनात किया गया है। कालाढूंगी विधानसभा सीट में सबसे अधिक 16 राउंड होंगे और लालकुआं में सबसे कम 11 राउंड होंगे। 

जिले में हुआ था इतना मतदान 473085
पुरुष मत         244164 
महिला मत        228911
ट्रांसजेंडर्स मत     10
विधानसभावार मतदान
लालकुआं         77,407 
भीमताल         58,315
नैनीताल         57,182
हल्द्वानी         92,484
कालाढूंगी         1,09,912
रामनगर         77,785 

पहली बार मतगणना में लागू किया गया है कलर कोडिंग सिस्टम 
मिश्रा ने बताया कि मतगणना को निष्पक्ष बनाने के लिए पहली बार कलर कोडिंग सिस्टम लागू किया गया है। मतगणना सुपरवाइजर को पीला पास, सहायक को गुलाबी, माइक्रो ऑब्जर्वर को हल्का हरा, अन्य स्टाफ को जामुनी रंग का पास दिया गया है। इसी तरह रामनगर विधानसभा सीट के अभिकर्ताओं को पीला, कालाढूंगी को हल्का नीला, हल्द्वानी के लिए हल्का पीला, नैनीताल के लिए आसमानी, भीमताल के लिए गहरा हरा, लालकुआं के लिए गुलाबी रंग के परिचय पत्र जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ईवीएम लाने और ले जाने के लिए भी कलर कोडिंग की गई है। भीमताल सीट के लिए हरा, नैनीताल को गुलाबी, लालकुआं को लाल, कालाढूंगी को गहरा नीला, रामनगर को नारंगी, हल्द्वानी को धानी रंग आवंटित किया गया है। कर्मचारी संबंधित विधानसभा सीट वार के रंग के अनुसार टी-शर्ट पहनकर ईवीएम लेकर जाएंगे।   

10629 पोस्टल बैलेट किए गए हैं जारी
मिश्रा ने बताया कि 10629 पोस्टल बैलेट जारी किए थे। इनमें 3943 ईडीसी, 693 दिव्यांग, 19 दृष्टिहीन, 5280 ईटीपीबीएस से प्राप्त हो गए हैं। मंगलवार की सुबह 8 बजे तक जितने भी पोस्टल बैलेट प्राप्त होंगे उन्हें मतगणना में लिया जाएगा। इसके बाद नहीं लिया जाएगा। मतगणना में सर्वप्रथम पोस्टल बैलेट की गणना होगी।