Kannauj: समाज कल्याण मंत्री के दावों की खुली पोल, दी थी अखिलेश को चार लाख वोटों से हराने की चुनौती, नहीं दिला सके जीत

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। स्थान- तहसील छिबरामऊ क्षेत्र का इलाका विशुनगढ़। तारीख- 12 फरवरी। कार्यक्रम- ग्राम परिक्रमा यात्रा। यहां समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को न सिर्फ कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का आमंत्रण दिया था बल्कि चार लाख मतों से हराने की चुनौती भी दी थी। कहा जा रहा है कि जो चुनाव परिणाम आया है उसके बाद असीम के दावों की पोल खुल गई है।

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण सदर विधानसभा क्षेत्र कन्नौज से विधायक हैं। 12 फरवरी को ग्राम परिक्रमा यात्रा में उन्होंने कहा था ‘परिवार की सारी सीटें घोषित कर दी हैं। अपनी सीट घोषित क्यों नहीं की। क्या कन्नौज में आने से डर लग रहा है। अगर कन्नौज आने में डर लग रहा है तो हम लोग यह लड़ाई जीत चुके हैं।’ 

आगे कहा था कि ‘चुनौती देता हूं कहीं और मत जाइएगा अखिलेश जी यहीं कन्नौज से लोकसभा का चुनाव लड़िएगा। चार लाख मतों से कम हराएं तो बताइएगा।’ मंगलवार को जो चुनाव परिणाम आए उसमें भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक सपा के अखिलेश यादव से एक लाख 70 हजार से अधिक मतों से चुनाव हार गए। इतना ही नहीं सदर विधानसभा क्षेत्र से भी असीम अरुण भाजपा प्रत्याशी को जीत नहीं दिला सके। 

अपने घर में भी हारे सुब्रत

भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक का घर सदर विधानसभा क्षेत्र में है। वह अपने इलाके में भी चुनाव नहीं जीत सके। पार्टी के दो दिग्गज यहां हैं। एक में वह खुद हैं दूसरा नंबर समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का आता है। चुनावी सभाओं के अलावा अन्य कार्यक्रमों में दोनों ही नेताओं ने बड़ी-बड़ी बातें व दावे किए, जिनको मतदाताओं ने पसंद नहीं किया। उसका ही नतीजा आया है कि सुब्रत चुनाव हार गए।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Election Result: फतेहपुर सीट पर भाजपा को बड़ा झटका, साध्वी निरंजन ज्योति हारी, नरेश उत्तम की जीत

संबंधित समाचार