रुद्रपुर: प्रचंड जीत के बाद अजय भट्ट ने निकाला विजय जुलूस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट पर प्रचंड मतों से विजय प्राप्त करने के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल देखने को मिला। अधिकारिक पुष्टि होने के बाद कार्यकर्ताओं ने शहर में विजय जुलूस निकाला। भगवा रंग उड़ाकर भाजपा कार्यकर्ता सनातन धर्म की जीत का संदेश देते नजर आए।

मंगलवार की सुबह आठ बजे जैसे ही मतगणना स्थल पर वोटों की गिनती शुरू हुई, वैसे ही पहले राउंड से ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ने लगी। वहीं कांग्रेसियों के चेहरे पर मायूसी देखने को मिली और दोपहर एक बजे तक यह पुष्टि हो चुकी थी कि भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट जीत की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

बस क्या था भाजपा जिला कार्यालय पर ढोल बजने लगा और कार्यकर्ता झूमने लगे। शाम चार बजे तक कार्यकर्ताओं ने भगवा रंग की होली खेलना शुरू कर दिया। साढ़े चार बजे अजय भट्ट के कार्यालय पहुंचने पर विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की मौजूदगी में अजय भट्ट को भी रंग दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने काफिले के साथ विजय जुलूस निकाला।

जो किच्छा हाईवे से होते हुए गल्ला मंडी, भगत सिंह चौक, मुख्य बाजार, नैनीताल हाईवे से होता हुआ पुन:मतगणना स्थल पर आकर समाप्त हुआ। जहां भाजपा के विजयी प्रत्याशी अजय भट्ट को डीएम उदयराज सिंह ने प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, उपेंद्र चौधरी, जगदीश तनेजा, सुनील ठुकराल, सुरेश कोली, राजीव कामरा, प्रीत ग्रोवर, मयंक कक्कड़, लक्ष्मी देवी, किरन राठौर, श्वेता मिश्रा आदि मौजूद रहे।

मतगणना स्थल पर रहे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जहां एक ओर पुलिस प्रशासन ने मतगणना स्थल के बाहरी और परिसर में 700 से अधिक जवानों की तैनाती की गई थी। वहीं मतगणना स्थल पर भारी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। सुबह जैसे ही मतगणना कर्मी स्ट्रांग रूम की ओर बढ़ने लगे, वैसे ही तैनात पुलिस बल ने कर्मियों के मोबाइल, घड़ी और हेडफोन तक जब्त कर लिए और परिसर में लगे पांच मेटल डिटेक्टर की जांच से गुजरने के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया। इसके अलावा बिना अनुमति पत्र के प्रवेश वर्जित रखा। इसके अलावा तीन-तीन एसपी सिटी सुरक्षा को लेकर घूमते रहे।

एसएसपी जवानों को पिलाते रहे एनर्जी ड्रिंक
मतगणना स्थल पर सुबह छह बजे से तैनात पुलिस एवं पीएसी के जवानों को एसएसपी मंजूनाथ टीसी एनर्जी ड्रिंक वितरित करते हुए दिखाई दिए। इसमें एक पानी की बोतल और ओआरएस का पैकेट सहित एनर्जी ड्रिंक का पाउच था। एसएसपी ने कहा कि चिलचिलाती धूप में अपने दायित्वों का निर्वहन कर शांतिपूर्वक ढंग से चुनाव कराना तभी संभव हुआ है। जब पुलिस के जवानों ने कड़ी धूप में ड्यूटी की। ऐसे में किसी जवान की तबीयत खराब नहीं हो। इसके लिए एनर्जी ड्रिंक सहित भोजन की व्यवस्था की गई है।

संबंधित समाचार