हरदोई: श्रद्धालुओं की बोलेरो ने चार को कुचला, एक की मौत
नैमिषारण्य से स्नान कर लौट रहे थे श्रद्धालु, हादसे के बाद सीतापुर रोड पर लगा जाम
हरदोई। नैमिषारण्य से स्नान कर लौट रहे श्रद्बालुओं की बोलेरो ने सड़क के किनारे लकड़ी बीन रहे लोगों को कुचल दिया, जिससे एक अधेड़ की वहीं पर मौत हो गई। जबकि उसकी पुत्री व दो और बच्चे ज़ख्मी हो गए। हादसा होने से सीतापुर रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने बोलेरो को अपने कब्ज़े में लेते हुए जांच शुरु कर दी है।
बताया गया है कि टड़ियावां थाने के सिकरोहरी निवासी 55 वर्षीय बलराम पुत्र भिखारी गुरुवार की सुबह अपनी 16 वर्षीय पुत्री मंजू के साथ आंधी से टूट कर वहीं गांव के पास ही सीतापुर रोड पर टूट कर गिरी लकड़ी बीन रहा था। साथ में गांव के संदीप का 3 वर्षीय पुत्र कार्तिक और लवकुश का 5 वर्षीय पुत्र आर्यन भी था। उसी बीच नैमिषारण्य से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो गाड़ी उन्हे कुचलते हुए निकल गई।
हादसा होता देख वहां आस-पास मौजूद लोग दौड़ पड़े और बोलेरो को रोक लिया। उधर ज़ख्मी हुए बलराम वहीं पर दम तोड़ चुका था, जबकि उसकी पुत्री मंजू और कार्तिक व आर्यन ज़ख्मी हालत में पड़े हुए थे। जिन्हे आनन-फानन में इलाज के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया। इसका पता होते ही एसएचओ टड़ियावां अशोक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे और बोलेरो को अपने कब्ज़े में लेते हुए हादसे की जांच शुरु कर दी है।
यह भी पढ़ें:-सपा कांग्रेस के इन रणनीतिकारों ने लिखी तनुज पुनिया की जीत की पटकथा, भाजपा के धुरंधर भी नहीं निकाल पाए काट
