Bareilly News: गांव बरखन में पड़े सैकड़ों वोट, मतगणना हुई तो EVM से निकला जीरो...गांव के मतदाताओं ने एसडीएम से की शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवाबगंज, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के लिए गांव बरखन में मतदान के दौरान एक बूथ पर ईवीएम से बीप टोन बंद हो जाने के बाद भी वोटिंग कराते रहने का आरोप लगाया गया है। कहा गया है कि मतदान अधिकारी वीवीपैट पर्ची लगातार निकलने का हवाला देकर वोट डलवाते रहे लेकिन मतगणना हुई तो इस बूथ पर ईवीएम ने जीरो वोटिंग दिखा दी। गांव के मतदाताओं की ओर से इसकी शिकायत एसडीएम से की है।

शिकायत के मुताबिक बरखन गांव में 243 और 244 क्रमांक के दो मतदान केंद्र बनते हैं। 7 मई को मतदान के दौरान बूथ 243 की ईवीएम में दोपहर करीब 3 बजे बीप टोन आनी बंद हो गई। इस पर मशीन खराब होने का शोर मचा और कुछ देर के लिए मतदान रुक गया, लेकिन एसडीएम के पहुंचने के बाद ईवीएम से वीवीपैट पर्ची लगातार निकलने की बात कहते हुए मतदान दोबारा शुरू करा दिया गया। इस बूथ पर 436 पुरुष और 380 महिलाओं के वोट डालने की जानकारी अभिकर्ताओं को दी गई थी।

शिकायत में कहा गया है कि मतगणना हुई तो इस बूथ पर जीरो मतदान दिखाया गया। अब इस मामले में गांव के मो. ताहिर समेत कई मतदाताओं ने एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर चुनाव आयोग से भी शिकायत की चेतावनी दी है। एसडीएम का कहना है कि वीवीपैट की पर्ची निकलती रही, इसी कारण निर्धारित समय तक मतदान कराया गया। मतगणना में जीरो वोट दर्शाए जाने के सवाल को वह टाल गए।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: बीजेपी नेता ठेकेदार, एलन क्लब मंडी में कथित अवैध वसूली पर तकरार

 

 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार