Banda: डीएम ने जिला पुरुष व महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण...गैरहाजिर दो चिकित्सकों समेत पैरामेडिकल स्टाफ का वेतन रोकने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला पुरुष व महिला अस्पताल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

बांदा, अमृत विचार। जिला पुरुष व महिला अस्पताल का जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर दो महिला चिकित्सकों समेत पैरामेडिकल स्टाफ का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

चिकित्सक के ड्यूटी में देरी से आने पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाई। वार्डों का भ्रमण करते हुए भर्ती मरीजों से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्य चिकित्साधीक्षक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल ने जिला पुरूष एवं महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुरूष चिकित्सालय में आकस्मिक वार्ड, पुरूष वार्ड, पैथालॉजी, ओपीडी, शिशु एवं बाल रोग विभाग, ईएनटी, डेंगू वार्ड, इमरजेन्सी वार्ड, बर्न वार्ड तथा महिला वार्ड एवं चिकित्सकों के उपस्थिति का निरीक्षण किया। 

उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से चिकित्सीय इलाज के संबंध में जानकारी लेते हुए चिकित्सकों को अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों से वार्ता करते हुए उनकी बीमारी एवं अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधा के संबंध में जानकारी ली एवं उपस्थित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। 

निरीक्षण में जिला चिकित्सालय में डा.विकासदीप के ड्यूटी में देरी से आने पर कड़ी फटकार लगाई। जिला महिला चिकित्सालय के निरीक्षण में डा.रीमा आर्या, डा.नमरा सिराज अनुपस्थित मिलीं। इस पर डीएम ने अनुपस्थित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ के विरूद्ध अनुपस्थित दिवस का वेतन रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए। 

उन्होंने आकस्मिक वार्ड में भर्ती अधिक मरीजों को देखते हुए चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों को आकस्मिक चिकित्सा के बाद संबंधित वार्डों में खाली बेडों पर शिफ्ट करें। उन्होंने पैथालॉजी में किये जाने वाले प्रतिदिन ब्लड सैंपल कनेक्शन एवं उनकी जांच किये जाने तथा उसकी मिलने वाली रिपोर्ट के संबंध में जानकारी देते हुए निर्देश दिये कि निर्धारित समय के भीतर मरीजों को जांच रिपोर्ट उपलब्ध करायी जाए। 

उन्होंने सर्जिकल वार्ड, पैथालॉजी लैब, बच्चों के पीएनसी वार्ड का निरीक्षण करते हुए सभी गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच कर बेहतर चिकित्सा इलाज दिये जाने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.आरके गुप्ता, डा.विनीत सचान सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- NEET Result 2024: नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर बांदा के मयंक कुमार ने बढ़ाया जिले का मान

संबंधित समाचार