कासगंज: हजारा नहर में मिला घर से निकले व्यक्ति का शव, परिवार में मचा कोहराम
व्यक्ति की मौत को लेकर तरह तरह की चर्चाएं, घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
कासगंज, अमृत विचार। शहर के मुहल्ला भूतेश्वर के व्यक्ति का शव एटा जिले के थाना मिरहची क्षेत्र में हजारा नहर में उतराता मिला है। व्यक्ति की मौत को लेकर तरह तरह की चर्चाएं है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिरहची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मुहल्ला भूतेश्वर निवासी 55 वर्षीय राजू गोस्वामी पुत्र विष्णु यजमानी एवं ज्योति जागरण करते थे। शुक्रवार को दोपहर लगभग एक बजे वह घर से बिना बताए चले गए थे। आए दिन वह इस तरह जाते रहते थे तो परिजनों को कोई चिंता नहीं थी। परिजन यही सोच रहे थे कि रोज की तरह कहीं गए होंगे, लेकिन जब शाम लगभग सात बजे परिजनों को सूचना मिली कि राजू का शव थाना मिरहची में हजारा नहर में उतराता मिला है तो परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन रोने लगे। परिवार के लोग थाना मिरहची पहुंचे, लेकिन तब तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज चुकी थी।
परिजन एटा पोस्टमार्टम पहुंच गए। राजू की मौत को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हैं। मुहल्ला हुल्का में चर्चा थी कि परिवार में आए दिन गृहक्लेश रहती थी। इसी के चलते राजू ने यह कदम उठाया है। वहीं परिवार से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया कि माली हालात बहुत खराब थी। मेहनत के बावजूद भी परिवार का गुजारा नहीं होता था। आर्थिक तंगी के चलते संभवत: उन्होंने यह कदम उठाया है। राजू पर तीन बजे हैं और तीनों ही नाबालिग है।
इस तरह की घटना की कोई जानकारी सदर कोतवाली पुलिस को नहीं है। घटना स्थल थाना क्षेत्र मिरहची है वहीं से वैधानिक कार्यवाही होगी - रामवकील सिंह, इंस्पेक्टर।
ये भी पढ़ें- कासगंज: हत्या के चार दोषियों को आजीवन कारावास, 80 हजार का अर्थदंड
