किसानों की आय बढ़ाने और नई तकनीकी से जोड़ रही है योगी सरकार, प्रयागराज में शुरु हुई किसान पाठशाला
प्रयागराज, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में किसानों की आय बढाने और उन्हें नयी तकनीकी से रूबरू कराने के लिए योगी सरकार निरन्तर प्रयास कर रही है । इसी क्रम में सरकार किसानों को नई तकनीकी और नए शोध से परिचय कराने के लिए सभी राजस्व ग्राम में " किसान -पाठशाला " का आयोजन कर रही है।
888 ग्राम पंचायतों में चलेगी किसान पाठशाला
योगी सरकार के अपने बजट में कृषि क्षेत्र के विस्तार और किसानों की आय बढाने को लेकर खास तवज्जो दी है। किसानो की आय दो गुनी करने का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकेगा जब किसानो को कृषि और उससे जुड़ी नवीनतम तकनीकी की जानकारी उनके पास तक पहुंचाई जाय। इसके लिए सरकार किसान पाठशालाएं चलाने जा रही है। प्रयागराज के जिला कृषि अधिकारी सुभाष मौर्या बताते हैं कि प्रयागराज जिले की 888 ग्राम पंचायतों के सभी राजस्व ग्राम में इसका आयोजन 6 जून से शुरू हो चुका है जो 19 जून तक चलेगी । पहले इनका आयोजन 1 जून से होना था लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद मतगणना में कर्मियों की व्यस्तता को देखते हुए इसे 6 जून से शुरू किया गया है।
कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकी, शोध व सरकारी योजनाओं से होंगे किसान रूबरू
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाये चला रही है। इसके साथ ही पहले से चलाई गईं अनेकों लाभकारी योजनाओं को और गति देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है । सरकार ने अपने बजट में किसानों को प्रशिक्षित करने और तकनीकी से जोड़ने के लिए ' द मिलियन फार्मर्स स्कूल " का जो प्रावधान रखा उसी का मूर्त रूप हैं किसान पाठशाला । जिला कृषि अधिकारी सुभाष मौर्य के मुताबिक़ जनपद की 888 ग्राम पंचायतों के सभी राजस्व ग्राम में आयोजित होने जा रही इन किसान पाठशालाओं में किसानों को खेती से संबंधित तकनीकी जानकारी के साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जायगी । महीने में दो दिन आयोजित की जा रही इन पाठशालाओं में कृषक विकास केंद्र , कृषि विभाग , पशुपालन विभाग के अलावा कृषि से जुड़े अन्य विभागों के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।

कृषि में ड्रोन के इस्तेमाल को मिली पहली बार जगह
किसानों को नई तकनीकी से जोड़ने के क्रम में आज ड्रोन का खेती में इस्तेमाल एक जरूरत बनती जा रही है। फसलों में उर्वरक से लेकर कीटनाशक के छिड़काव में समय और मानव संसाधन की बचत को प्रोत्साहित करने के लिए खेती किसानी में ड्रोन का उपयोग हो रहा है। किसान पाठशाला में पहली बार किसानों को इसके बारे में बताया जायेगा । इसके लिए किसानों के सामने इसका प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके पहले सरकार ने मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम को किसान पाठशाला में शामिल किया था जो इस बार भी इसका हिस्सा होगा।
मिलेट्स के उत्पादन और उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए गहन प्रशिक्षण एवम प्रोत्साहन कक्षाएं चलाई जायेंगी ।
ये भी पढ़ें -श्रावस्ती जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक सम्पन्न
