अयोध्या: पूर्व प्रधान सहित तीन घरों में लाखों की चोरी, दहशत में हैं ग्रामीण
मिल्कीपुर/अयोध्या, अमृत विचार। खण्डासा थाना क्षेत्र के ग्राम विनायकपुर में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। लगातार दूसरी रात थाने से मात्र एक किलोमीटर पर वारदात को अंजाम देकर चोरों ने पुलिस को चुनौती दी है।
खण्डासा थाना के क्षेत्र विनायकपुर गांव में चोरों ने मंगलवार की रात तीन घरों में अलमारी, बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये कीमत के जेवरात व नगदी की चोरी की। ग्रामीणों के जाग जाने व गुहार लगाने पर वह चोरी का माल समेट कर भाग निकले। पीड़ित परिवार की सूचना के बाद डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है।
थाना क्षेत्र के विनायकपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान शेष राम मौर्या, घनश्याम मौर्या और कालिका प्रसाद अलग-अलग बने घरों में परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार रात तीनों ही परिवारों के लोग खाना खाने के बाद सो गए। देर रात बैखोफ चोर तीनों ही घरों में दीवाल फांदकर घर में दाखिल हुए और आलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर लाखों रूपए कीमत के जेवरात उठा ले गए।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार शेषपाल मौर्य के यहां से चोरों ने पायल, झाला और छह हजार रुपए नगदी, घनश्याम मौर्या के यहां से पायल, झुमकी, माथबेदी, करधन, पावजेब, मंगलसूत्र जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपए, कालिका प्रसाद के यहां से अस्सी हजार रुपए और घर में रखे आधार कार्ड समेत अन्य कागजात उठा ले गए। तीनों पीड़ितों ने खंडासा थाने में पुलिस को तहरीर दी है। मिल्कीपुर सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज किया जा रहा है। पुलिस जांच में जुटी है।
एक दिन पहले चोरी की वारदात में पुलिस के हाथ खाली
वहीं दूसरी ओर सोमवार की रात थाना परिसर से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित इछोई गांव के पूरे पंडित फुकनवापुर (पंडित पुर) में तीन घरों में लाखों रुपए की चोरी की वारदात हुई थी। जिसमें अब तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ कर रही है। लगातार दो रात में छह घरों में हुई चोरी की घटना से पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।
ये भी पढ़ें -बाराबंकी: बगैर ले आउट पास कराए प्लॉटिंग पर होगी कार्रवाई, नगर पंचायत प्रशासन ने कसा शिकंजा
