नहर की पटरी पर मिला महिला का शव, पुलिस बोली डूब कर हुई मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के भदैय्या टेपरा की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की रविवार को नहर के पानी में डूबकर मौत हो गयी। महिला का शव उसके गांव से कुछ दूर सुखराज सिंह टेपरा पहाड़ापुर गांव के समीप मिला। ग्रामीणों ने नहर में महिला का शव तैरता देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया  और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कटरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम भदैय्या टेपरा निवासी मुन्नी देवी(65) पत्नी स्व रामसागर रविवार की सुबह नहर की तरफ गयी थी।‌ इसकी जानकारी महिला ने अपने घर वालों को नहीं दी थी। दोपहर नहर की पटरी से गुजर रहे ग्रामीणों ने महिला का शव पानी में तैरता देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी।

सूचना पर कटरा थाने के एसएचओ संजय कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से महिला के शव को बाहर निकलवाया। महिला की पहचान होने पर उसके परिवार को सूचना दी गयी तो परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कटरा बाजार थाने के एसएचओ संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि परिजनों के मुताबिक महिला को दस्त की समस्या थी। वह शौच के लिए नहर की तरफ गयी थी। संभवत: इसी बीच वह नहर में गिर गयी होगी। नहर में काफी पानी होने व बहाव तेज होने के कारण वह बहकर सुखराज सिंह टेपरा पहाड़ापुर के पास पहुंच गई और मौत हो गयी। एसएचओ ने बताया कि घटना के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

यह भी पढ़ें:-12460 शिक्षक भर्ती: 27 से 29 जून तक होगा चयनित शिक्षकों को स्कूल का आवंटन

संबंधित समाचार