Kannauj: भागवत सामग्री विसर्जन के दौरान नहर में डूबा श्रद्धालु...गोताखोर कर रहे तलाश, एनडीआरएफ टीम बुलाई गई
श्रद्धालु के डूबने से परिजन बेहाल
कन्नौज, अमृत विचार। भागवत सामग्री विसर्जन के दौरान श्रद्धालु नहर में डूब गया। सूचना मिलते ही परिजन रोते बिलखते पहुंच गए। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने एनडीआरफ को बुलाया है जिसका इंतजार किया जा रहा है।
चौकी क्षेत्र के गांव राजाराम नगरिया निवासी गजेंद्र सिंह के यहां 17 जून को भागवत का प्रारंभ हुआ था। 24 जून को भंडारे के बाद मंगलवार दोपहर गांव से दो ट्रैक्टरों पर महिलाएं, पुरुष व बच्चे सवार होकर भागवत के बाद सामग्री का विसर्जन करने खड़नी स्थित निचली गंग नहर के पुल पर आए। इसके बाद सभी स्नान करने लगे।
इसी दौरान राजाराम नगरिया निवासी शिवपाल (53) पुत्र विक्रम सिंह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूब गया। उसे डूबते देख वहां मौजूद लोगों ने बचाने का भरपूर प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। स्थानीय गोताखोर भी लगाए गए लेकिन अभी तक शिवपाल का पता नहीं चला है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मामले को खड़नी चौकी पुलिस को अवगत कराया गया। चौकी इंचार्ज आलोक कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को देते हुए एनडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजने के लिए कहा। एनडीआरएफ टीम के इंतजार में परिवार के लोग नहर के किनारे डेरा डाले हुए हैं।
