PCS-J 2022 परीक्षा में आयोग ने स्वीकारी गड़बड़ी, कॉपी बदलने के मामले में 3 सस्पेंड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने PCS-J 2022 मेंस के रिजल्‍ट में गड़बड़ी होने की बात इलाहाबाद हाईकोर्ट में स्वीकार की है। सोमवार को आयोग के उप सचिव ने गड़बड़ी वाले अभ्यर्थियों के परिणाम 3 अगस्त तक दोबारा घोषित करने का हलफनामा दाखिल किया है। हलफनामे में आयोग ने स्वीकार किया गया है कि 50 अभ्यर्थियों के परीक्षा परिणाम में इंटरमिक्सिंग यानी अदला-बदली हुई है। मामले की अगली सुनवाई 8 जुलाई को होगी।

इस मामले में आयोग ने परीक्षा परिणाम तैयार करने वाले पांच अधिकारियों को दोषी मानते हुए तीन को सस्पेंड कर दिया है। वहीं एक अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। जबकि रिटायर्ड हो चुकी एक महिला अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है। इस मामले की सुनावई जस्टिस एसडी सिंह और जस्टिस अनीश कुमार गुप्ता की डिवीजन बेंच में हो रही है। 

बता दें याचिकाकर्ता अभ्यर्थी श्रवण कुमार पांडेय ने कापी देखे जाने पर अपनी हैंड राइटिंग नहीं होने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। श्रवण का मामला यूपी के राजभवन तक भी जा चुका है। इस मामले में कोहराम मचने के बाद आयोग ने मुख्य परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों को उनकी कॉपियां दिखाने का फैसला पिछले दिनों लिया था। याचिकाकर्ता श्रवण इन दिनों उत्तराखंड हाईकोर्ट में वकालत कर रहे हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट में उनके मुकदमे की पैरवी अधिवक्ता विभु राय कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:-जौनपुर: एक लाख का इनामी बदमाश मोनू चवन्नी मुठभेड़ में ढेर, AK47, 9 एमएम पिस्टल और एक बोलेरो बरामद

संबंधित समाचार