बहराइच: शिक्षक की हत्या के मामले में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज, एसपी और एएसपी ने घटना स्थल का किया निरीक्षण, दिए ये निर्देश
कैसरगंज/बहराइच, अमृत विचार। बहराइच जनपद के कैसरगंज स्थित ठाकुर हुकुम सिंह इंटर कॉलेज के अध्यापक की सोमवार शाम को कुछ अज्ञात लोगों ने गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए। कोनारी गांव निवासी श्याम सिंह उर्फ शिवम सिंह (32) सोमवार शाम सात बजे के आसपास अपने घर से कुछ दूरी पर टहल रहे थे।
काफी देर तक सहायक अध्यापक घर नहीं पहुंचे तो घरवालों ने उनकी तलाश शुरू की। जिसके बाद सहायक अध्यापक का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। जिसे देख इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद कोतवाल राजनाथ सिंह और सीओ रूपेंद्र गौड़ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की जानकारी पर रात 12 बजे के आसपास एसपी वृंदा शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटना की जांच की। कैसरगंज कोतवाल को जल्द घटना के खुलासा करने का निर्देश दिया है। शिक्षक की मौत से परिवार में मातम छा गया है। पत्नी और 2 साल के बच्चे का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
.jpg)
कोतवाल के एक वर्ष के कार्यकाल में बढ़ी घटनाएं
कैसरगंज कोतवाली के कोतवाल राजनाथ सिंह के लगभग एक वर्ष के कार्यकाल में अपराधिक घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। पिछले साल मोहर्रम में आगजनी की एक बड़ी घटना हुई थी। वहीं कुछ दिनों पहले गौकशी की घटना हुई थी। बता दें कि हत्या के तीन घंटे बाद अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई थी।
यह भी पढ़ेः ॐ नमः शिवाय का जप करते हुए दिया धरना
